पहले सभी परीक्षा के सिलेबस को अच्छी तरह समझें व उसी के अनुसार अपनी दिशा तय करें – alirajpur News


भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर क्रांतिकारी शहीद छीतूसिंह किराड़ शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के माध्यम से हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय आदर्श महाविद्यालय झाबुआ के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. धूलसिंह खरत मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे यूपीएससी, एमपीपीएससी, बैंकिंग, रेलवे सहित अन्य सरकारी सेवाओं की परीक्षाओं की तैयारी के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. खरत ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए सही रणनीति, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सबसे पहले प्रतियोगी परीक्षा के पाठ्यक्रम की स्पष्ट समझ होना जरूरी है और उसी के अनुसार तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अध्ययन करने तथा समसामयिक घटनाओं की जानकारी रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि पढ़ाई करते समय स्वयं के नोट्स तैयार करें और समय-समय पर उनका पुनरावलोकन (रिवीजन) करते रहें। पाठ्यक्रम को तथ्यात्मक, वर्णनात्मक और तर्कात्मक आधार पर तैयार करने पर भी बल दिया, ताकि विभिन्न प्रकार की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन किया जा सके। संचालन डॉ. लालसिंह निंगवाल ने किया। आभार डॉ. सीताराम गोले ने माना। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *