गर्मियों में भी खिलेंगे गुलाब! मुरझाने से बचाने के आसान गार्डनिंग टिप्स

Last Updated:

गर्मियों की तेज धूप और लू के कारण अक्सर गुलाब के पौधे मुरझाने लगते हैं, जिससे बगीचे की खूबसूरती फीकी पड़ जाती है. लेकिन अगर सही देखभाल और कुछ आसान गार्डनिंग टिप्स अपनाए जाएं, तो भीषण गर्मी में भी गुलाब के पौधे हरे-भरे और फूलों से लदे रह सकते हैं. सही समय पर पानी देना, हल्की छाया का इंतजाम, मल्चिंग और संतुलित खाद का उपयोग जैसे उपाय पौधों को गर्मी के असर से बचाकर उनकी सेहत बनाए रखते हैं. रिपोर्ट- गुलशन कश्यप

गुलाब का पौधा किसी भी बगीचे की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देता है, लेकिन गर्मियों की तेज धूप और गर्म हवा के कारण पौधे अक्सर मुरझा जाते हैं. जमुई जिले के नर्सरी संचालक कनिष्क कुमार बताते हैं कि अधिक तापमान, कम नमी और लू जैसी परिस्थितियों में गुलाब के पौधे जल्दी मुरझाने लगते हैं. हालांकि अगर कुछ आसान बागवानी उपायों को अपनाया जाए तो गर्मियों के महीनों में भी गुलाब के पौधों को हरा-भरा और फूलों से लदा रखा जा सकता है.

कनिष्क ने बताया कि सबसे पहले पौधों को सही समय पर पानी देना बेहद जरूरी होता है. गर्मियों में पौधों को सुबह जल्दी या शाम के समय पानी देना सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि उस समय धूप कम तेज होती है और मिट्टी ज्यादा देर तक नमी बनाए रखती है. उन्होंने बताया कि पौधों की मिट्टी पूरी तरह सूखने नहीं देनी चाहिए, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी भी नहीं देना चाहिए, क्योंकि इससे जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.

कनिष्क कुमार ने बताया कि तेज गर्मी के दिनों में गुलाब के पौधों को सीधी और तेज धूप से बचाना भी जरूरी होता है. उन्होंने बताया कि दोपहर की तेज धूप पौधों को कमजोर कर सकती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

ऐसे में कोशिश करनी चाहिए कि दोपहर के समय पौधों को हल्की छाया मिल सके. अगर पौधे गमले में लगे हैं तो उन्हें कुछ समय के लिए छायादार स्थान पर रखा जा सकता है. बगीचे में लगे पौधों के लिए शेड नेट या हल्के कपड़े की मदद से छाया बनाई जा सकती है.

इसके अलावा मिट्टी की मल्चिंग करना भी काफी फायदेमंद माना जाता है. इसके लिए मिट्टी की ऊपरी सतह पर सूखी पत्तियां, घास की कतरनें या नारियल के छिलके फैला दिए जाते हैं. इससे मिट्टी लंबे समय तक नमी बनाए रखती है और पौधों की जड़ों को अत्यधिक गर्म होने से बचाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि मल्चिंग करने से पौधों की सेहत बेहतर रहती है और फूल भी ज्यादा खिलते हैं.

नर्सरी संचालक कनिष्क कुमार बताते हैं कि गुलाब के पौधों के बेहतर विकास के लिए समय-समय पर पोषक तत्वों से भरपूर खाद देना भी जरूरी है. गर्मियों के मौसम में हल्की ऑर्गेनिक खाद जैसे वर्मीकम्पोस्ट या सड़ी हुई गोबर की खाद का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा माना जाता है. इससे पौधों को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और उनका विकास बेहतर होता है. हालांकि उन्होंने यह भी सलाह दी कि जरूरत से ज्यादा खाद का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, क्योंकि इससे पौधों को नुकसान हो सकता है.

इसके साथ ही पौधों पर सूखी पत्तियां और खराब टहनियां दिखाई देने पर उन्हें समय-समय पर काट देना चाहिए. इससे पौधे की ऊर्जा नई पत्तियों और फूलों के विकास में लगती है और पौधा स्वस्थ बना रहता है. उनका कहना है कि यदि इन आसान उपायों को अपनाया जाए तो गर्मियों की तेज गर्मी के बावजूद गुलाब के पौधे लंबे समय तक हरे-भरे रह सकते हैं और बगीचे की खूबसूरती को बनाए रख सकते हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *