Last Updated:
Animal Husbandry Tips: गर्मी के मौसम में गाय-भैंस जल्दी चिड़चिड़ी हो जाती हैं और चारा कम खाती हैं. इससे उनका स्वास्थ्य बिगड़ता है और दूध उत्पादन गिर जाता है. अगर समय रहते खानपान पर ध्यान दिया जाए, तो न सिर्फ पशु बीमार होने से बचते हैं बल्कि डेयरी से होने वाला मुनाफा भी बढ़ता है.
खंडवा. गर्मी शुरू होते ही जैसे इंसानों की हालत खराब होती है, वैसे ही पशुओं पर भी इसका सीधा असर पड़ता है. निमाड़ और खंडवा जैसे इलाकों में तेज गर्मी के कारण गाय-भैंस चारा कम खाने लगती हैं, सुस्त हो जाती हैं और दूध भी कम देने लगती हैं. इससे पशुपालकों को सीधा नुकसान होता है लेकिन अगर पशुओं को सही खानपान दिया जाए, तो इस नुकसान को रोका जा सकता है. खंडवा के पशु चिकित्सक डॉ हेमंत शाह के अनुसार, गर्मी के मौसम में गाय-भैंस को गुड़ खिलाना बहुत फायदेमंद होता है. अगर चारे के साथ रोज थोड़ा गुड़ दिया जाए, तो पशु स्वस्थ रहते हैं और दूध उत्पादन भी बढ़ता है.
डॉक्टर बताते हैं कि गुड़ शरीर को ठंडक देता है, तुरंत ऊर्जा देता है और पाचन को मजबूत करता है. यही वजह है कि गर्मी में पशु सुस्त नहीं पड़ते और उनकी भूख भी बनी रहती है. गाय-भैंस को रोजाना करीब 100 से 150 ग्राम गुड़ देना सही माना जाता है. इसे आप सीधे खिला सकते हैं या चारे में मिलाकर दे सकते हैं. ध्यान रखें कि ज्यादा मात्रा में गुड़ देने से पेट खराब भी हो सकता है, इसलिए संतुलन जरूरी है.
क्या-क्या मिलते हैं फायदे
उन्होंने आगे बताया कि गुड़ खिलाने से पशुओं को कई फायदे मिलते हैं. गर्मी में कमजोरी दूर होती है और शरीर में ताकत बनी रहती है. पाचन तंत्र मजबूत होता है, जिससे पशु चारा अच्छे से खाते हैं. भूख बढ़ती है और पशु सुस्त नहीं रहते. दूध की मात्रा और गुणवत्ता दोनों में सुधार होता है. इसमें कैल्शियम, फास्फोरस और आयरन जैसे तत्व होते हैं, जो हड्डियों और शरीर के लिए जरूरी हैं.
ये देसी नुस्खे भी हैं काम के
गर्मी में पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए कुछ घरेलू तरीके भी अपनाए जा सकते हैं, जैसे- गुड़ के साथ तिल और सरसों तेल मिलाकर देना या फिर आटे और सरसों के तेल की गोली बनाकर खिलाना. इससे भी पशु ताकतवर रहते हैं और दूध बढ़ता है. कुछ लोग तारामीरा तेल और गुड़ का मिश्रण भी 5-7 दिन तक देते हैं, जिससे पशुओं की सेहत में सुधार होता है.
क्यों जरूरी है ध्यान रखना?
गर्मी में गाय-भैंस जल्दी चिड़चिड़ी हो जाती हैं और चारा कम खाती हैं. इससे उनकी सेहत बिगड़ती है और दूध उत्पादन गिर जाता है. अगर समय रहते खानपान पर ध्यान दे दिया जाए, तो न सिर्फ पशु बीमार होने से बचते हैं बल्कि डेयरी से होने वाला मुनाफा भी बढ़ाया जा सकता है. गर्मी में थोड़ा सा ध्यान और सही चीज खिलाकर आप अपने पशुओं को फिट रख सकते हैं और ज्यादा दूध उत्पादन पा सकते हैं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.
.