नवरात्रि में वैष्णो देवी जाने का है प्लान तो बुक करें IRCTC का यह पैकेज, सस्ते में होंगे दर्शन

How To Plan Vaishno Devi Trip During Navratri 2026: इस साल चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च से होने जा रही है. इस पावन अवसर पर अगर आप भी मंदिर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है. श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन ने माता वैष्णो देवी के लिए एक खास और किफायती टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह देश के सबसे लोकप्रिय और पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है, जहां हर साल लाखों भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं. 

नवरात्रि के दौरान बढ़ जाती है डिमांड

नवरात्रि के दौरान कटरा स्थित इस पवित्र धाम में भक्तों की भीड़ काफी बढ़ जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए IRCTC ने ‘माता वैष्णो देवी एक्स दिल्ली’ नाम से यह पैकेज तैयार किया है, ताकि यात्रियों को प्लानिंग की परेशानी से बचाया जा सके और वे आसानी से अपनी यात्रा पूरी कर सकें. यह टूर 3 रात और 4 दिन का है, जिसकी शुरुआत दिल्ली से होती है और यात्रा जम्मू-कटरा तक जाती है. इस पैकेज की सबसे खास बात यह है कि इसमें यात्रियों को लगभग सभी सुविधाएं एक साथ मिलती हैं, जिससे यात्रा पूरी तरह आरामदायक और परेशानी मुक्त हो जाती है.

क्या-क्या शामिल है इस पैकेज में?

पैकेज में दिल्ली से जम्मू/कटरा तक आने-जाने के कन्फर्म ट्रेन टिकट शामिल हैं. इसके साथ ही यात्रियों के लिए आरामदायक होटलों में ठहरने की व्यवस्था की गई है. स्थानीय घूमने या बेस कैंप तक पहुंचने के लिए कैब की सुविधा भी दी जाती है. यात्रा के दौरान तय कार्यक्रम के अनुसार भोजन की व्यवस्था, इंश्योरेंस और IRCTC स्टाफ की सहायता भी इसमें शामिल है. इस खास नवरात्रि पैकेज की अगली यात्रा 23 मार्च 2026 को निर्धारित की गई है. यह समय उन श्रद्धालुओं के लिए बिल्कुल उपयुक्त है, जो नवरात्रि के दौरान माता रानी के दरबार में जाकर दर्शन करना चाहते हैं.

इसे भी पढ़ें- पहली बार विदेश घूमने जा रहे हैं, तो इन 4 गलतियों से बचें, वरना खराब हो सकता है ट्रिप

अलग-अलग बजट में कर सकते हैं बुक

कीमत की बात करें तो IRCTC ने इसे अलग-अलग कैटेगरी में रखा है, ताकि हर बजट के लोग इस यात्रा का लाभ उठा सकें. 3AC क्लास में सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए करीब 10,770 रुपये, डबल के लिए 8,100 रुपये और ट्रिपल के लिए 6,990 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च आएगा. वहीं 2AC क्लास में सिंगल के लिए लगभग 11,995 रुपये, डबल के लिए 9,330 रुपये और ट्रिपल के लिए 8,220 रुपये प्रति व्यक्ति तय किए गए हैं. नवरात्रि के समय कटरा में होटल और यात्रा की व्यवस्था करना काफी मुश्किल हो जाता है. ऐसे में यह पैकेज एक भरोसेमंद और किफायती विकल्प बनकर सामने आता है. सरकारी संस्था होने के कारण IRCTC के जरिए बुकिंग करने पर यात्रियों को सुरक्षा और भरोसे का भी एहसास रहता है.

अगर आप भी इस नवरात्रि माता वैष्णो देवी के दर्शन का मन बना रहे हैं, तो IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी सीट बुक कर सकते हैं. ध्यान रखें कि इस दौरान मांग काफी ज्यादा रहती है, इसलिए समय रहते बुकिंग करना ही बेहतर रहेगा.

इसे भी पढ़ें- चैत्र नवरात्रि पर दिल्ली के इन बाजारों से खरीदें पूजा का सबसे सस्ता सामान, फटाफट करें चेक

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *