खो गई लड्डू गोपाल की मूर्ति, थाने पहुंची महिला, बोली-ढूंढ दो,मां की आखिरी निशानी

Last Updated:

ग्वालियर में एक महिला की लड्डू गोपाल की मूर्ति खो गई. इसके बाद महिला ने खुद बाजार और सड़कों की खाक छानी, जब मूर्ति का कहीं पता नहीं लगा, तो उसने पुलिस थाने शिकायत दर्ज करवाई है. इसके अलावा उसने मूर्ति को ढूंढकर लाने वाले को इनाम भी देने की बात कही है.

Zoom

महिला की खो गई लड्डू गोपाल की मूर्ति

Gwalior News: आपने आए दिन कहीं ना कहीं चोरी की घटना सुनी होगी. लेकिन मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक गजब मामला सामने आया है, जब एक युवती के नन्हे लड्डू गोपाल बाजार में लापता हो गए हैं. युवती अपने लड्डू गोपाल की तलाश में डेढ़ महीने से भटक रही है.

ग्वालियर के अलका पुरी में रहने वाली विजया शर्मा करीब डेढ़ महीने पहले अपनी बहन के साथ माधौगंज बाजार में खरीदारी करने पहुंची थी. इस दौरान वह अपने साथ घर से लड्डू गोपाल की छोटी मूर्ति भी लेकर गई थी. बाजार की भीड़-भाड़ के बीच अचानक वह मूर्ति कहीं खो गई. मूर्ति के गायब होने का एहसास हुआ, तो विजया ने आसपास तलाश की. लेकिन मूर्ति का कोई सुराग नहीं मिल सका.

मां से जुड़ी है आखिरी निशानी
विजया को करीब 20 साल पहले ये लड्डू गोपाल की मूर्ति मिली थी. इस मूर्ति को विजया बचपन से ही अपना भाई मानती थी. पांच साल पहले उसकी मां का निधन हो गया, जिसके बाद यह मूर्ति ही उनके साथ जुड़ी सबसे खास निशानी बन गई थी.

मूर्ति लौटाने वाले के लिए रखा इनाम
मूर्ति खोने के बाद विजया मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई है और कई दिनों से अपने स्तर पर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में लड्डू गोपाल को तलाशा, लेकिन जब कोई सफलता नहीं मिली, तो वह कोतवाली थाने पहुंची. विजया ने आम लोगों से भी भावुक अपील की है कि यदि किसी को यह लड्डू गोपाल की मूर्ति मिले या उसके बारे में कोई जानकारी हो, तो कृपया उसे लौटाने में मदद करें. उसने यह भी घोषणा की है कि जो व्यक्ति उसकी मूर्ति वापस लाकर देगा, उसे उचित इनाम दिया जाएगा.

लड्डू गोपाल की मूर्ति खोने की थाने में दर्ज करवाई शिकायत
कोतवाली थाने में महिला ने इस अनोखी शिकायत को दर्ज कराया और पुलिस से मदद की गुहार लगाई. हालांकि, इस तरह के मामलों में मूर्ति का पता लगाना चुनौतीपूर्ण होता है. फिर भी पुलिस ने महिला को आश्वासन दिया है कि आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी. सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि महिला द्वारा आकर बताया गया था कि उनके लड्डू गोपाल की मूर्ति कहीं खो गई है. तत्काल थाने से पुलिसकर्मियों को भेज कर उनकी तलाश भी कराई गई थी.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *