पुजारी हत्या के बाद प्रशासन अलर्ट: कुसमी में शांति समिति की बैठक, नवरात्रि-ईद पर भाईचारा बनाए रखने की अपील – Sidhi News


कुसमी क्षेत्र में हाल ही में हुई पुजारी की हत्या के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है। आगामी नवरात्रि और ईद जैसे त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह कुसमी थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार कुसमी नारायण सिंह और थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हालिया घटना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अफवाह फैलाने या तनाव पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ दिन पहले कुसमी क्षेत्र में एक पुजारी की हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में संवेदनशील स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना के बाद पहला बड़ा त्योहार है। थाना प्रभारी अरूणा द्विवेदी ने बैठक में कहा कि इस घटना से संबंधित किसी भी भ्रामक जानकारी को फैलाना कानूनन अपराध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट खबरों पर विश्वास न करें और शांति बनाए रखें। बैठक में जेई मड़वास राजेन्द्र राजपूत, मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, विमल जायसवाल, डॉ. रईस खान, डॉ. ए.एच. अंसारी, अमित कुमार श्रीवास्तव, महावीर सिंह, रामपाल सिंह, राजबहादुर सिंह, राजेंद्र विश्वकर्मा, शिवमूरत विश्वकर्मा, संतोष कुमार गर्ग, प्रदीप शुक्ला, ऋषिकेश गुप्ता, उमेश साकेत, संजय शुक्ला और दीन चंद्र गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। त्योहारों के दौरान जुलूस, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जाएगी। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *