उज्जैन में गुरुवार को गुड़ी पड़वा के अवसर पर हिंदू नववर्ष और विक्रम संवत का शुभारंभ उत्साह और आस्था के साथ होगा। सुबह श्रद्धालु रामघाट पर एकत्र होकर शिप्रा नदी में पूजन करेंगे और सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं ने भी शिप्रा तट पर विशेष अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार, सृष्टि के आरंभ में भगवान महाकाल की प्रेरणा से ब्रह्मा ने सृष्टि की रचना की थी। इसी कारण गुड़ी पड़वा के दिन ब्रह्मध्वज का विशेष महत्व माना जाता है। महाकालेश्वर मंदिर सहित शहर के प्रमुख मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ब्रह्मध्वज स्थापित कर ध्वजारोहण किया जाएगा। दोपहर में विकास कार्यों का लोकार्पण दोपहर में मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन पहुंचेंगे और नानाखेड़ा क्षेत्र में 56 दुकान की तर्ज पर विकसित 36 दुकानों के कॉम्प्लेक्स तथा नए स्विमिंग पूल (तरणताल) का लोकार्पण करेंगे। नगर निगम द्वारा करीब 8.30 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के तरणताल में 25×50 मीटर का मुख्य पूल बनाया गया है, जिसकी गहराई 4.5 से 6.15 फीट तक है। बच्चों के लिए 2.5 से 3 फीट गहराई वाला अलग वार्मअप पूल भी तैयार किया गया है। इस अत्याधुनिक परिसर में 200 से अधिक लोगों की क्षमता वाली विजिटर गैलरी, पार्किंग, फूड कोर्ट, सिटिंग एरिया, पार्क, आधुनिक फिल्टर प्लांट, शावर और वेटिंग रूम जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष आकर्षण शाम को शहर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें ड्रोन शो और लेजर शो मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। वहीं, प्रसिद्ध गायक विशाल मिश्रा शिप्रा तट पर अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे पूरा माहौल भक्ति और उत्साह से सराबोर हो जाएगा। इस तरह उज्जैन में गुड़ी पड़वा पर आस्था, परंपरा और आधुनिक आयोजन का संगम देखने को मिलेगा। .