ग्वालियर में एक पोल गिरने से 14 साल की छात्रा की मौत हो गई है। पड़ोसी बिजली के पोल पर लाइट सुधार रहा था तभी उसने वह तार काट दिया जिससे पोल बंधा था। पोल पास ही खड़ी 14 वर्षीय रजिया पर आकर गिरा और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन उसे से लेकर अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया। घटना बुधवार दोपहर पठान मोहल्ला पुरानी छावनी की है। जिस तार को काटने से हादसा हुआ है उसे काटने के लिए मृतका के चाचा ने कई बार पड़ोसी को रोका था पर वह नहीं माना। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर मर्ग कायम कर लिया है। ग्वालियर मुरैना बॉर्डर पर स्थित पठान मोहल्ला निवासी वसीम खान पुत्र शहाबुद्दीन खान ने बताया है कि वह मूल रूप से परीक्षा गांव मुरैना के रहने वाले हैं। यहां पुरानी छावनी स्थित पठान मोहल्ला में उनके घर के सामने ही बिजली का खंभा लगा हुआ है। बुधवार दोपहर वह घर के बाहर खड़े थे। पास ही उनकी भतीजी 14 वर्षीय रजिया खड़ी थी। इसी समय पास ही रहने वाले विशाल खान, सुहाना बेगम, ऋतिक बिजली के पोल पर अपनी लाइट सुधारने के लिए आए थे। जिस तार से बंधा था पोल उसे ही काटा हुआ हादसा
पड़ोसी विशाल खान नसैनी लगाकर खंभे पर चढ़ा था। वह लाइट के तार काट रहा था इसी समय वसीम खान ने उसको तार न काटने की हिदायत दी और बताया की इसी तार पर पोल बंधा है। काटने से पोल गिर पड़ेगा, लेकिन वह नहीं माना और उसके तार काटते ही खंभा नीचे गिरा और रजिया उसकी चपेट में आकर घायल हो गई। अस्पताल ले गए पर नहीं बचा सके जान
घटना के बाद घायल रजिया को उसका चाचा और अन्य परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने नब्ज टटोलते ही उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही आरोपी पक्ष मौके से भाग गया है। सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि बिजली का पोल पड़ोसी की लापरवाही से 14 साल की बच्ची पर गिरा है। हादसे में बालिका की मौत हो गई है। हादसे की जांच की जा रही है। .