11 क्विंटल सोने की कढ़ाही मिलेगी…मटके में गहने-रुपए डाल दो, ‘लालच’ में दंपति को लगा चूना

Last Updated:

खरगोन जिले में पूजा-पाठ के नाम पर एक ठगी का मामला सामने आया है, जब एक दंपति को आरोपियों ने बताया कि उसके खेत में सोने की कढ़ाही दबी हुई है. इसके बाद वह आभूषण और नकदी लेकर खेत में पूजा करवाने पहुंच गए, जहां उन्हें ठग लिया गया.

Zoom

गड़ा धन निकालने के नाम पर हुई ठगी (AI तस्वीर)

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां भेष बदलकर पहुंचे आरोपियों द्वारा पूजा पाठ के नाम पर धोखाधड़ी की गई है. मंडलेश्वर थाना क्षेत्र के सुलयाखेड़ी गांव में आरोपियों ने एक दंपति को फुसलाकर घटना को अंजाम दिया है. बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के पास आभूषण और नकदी बरामद की है.

आरोपियों ने गड़ा धन के निकालने के लिए ऐंठे पैसे
आरोपियों ने दंपति से पूजा-पाठ के नाम पर खेत में गड्डा खोदकर मटके में करीब 9 लाख रुपए के कीमती सोने के आभूषण रखवाए. इसके बाद उन्होंने महिला को गड़ा धन निकालने की क्रिया के चलते नहर में फूल डालने के लिए भेज दिया. फिर जब तक महिला वापस लौटी, तब तक आरोपी 9 लाख के आभूषण और 51 हजार रुपए लेकर फरार हो गए.

11 क्विंटल सोने की कढ़ाही दबे होने की कही बात
खरगोन की एएसपी शंकतुला रूहल ने कहा कि फरियादी द्वारा रिपोर्ट करवाई गई थी कि दो व्यक्ति किन्नर के भेष में उसके घर आए थे और बताया था कि आपके किस्मत में बहुत ज्यादा धन है और उसे प्राप्त करने के लिए आपको एक पूजा करवानी पड़ेगी. उनको यह भी लालच भी दिया गया कि उनके खेत में 11 क्विंटल की सोने की कढ़ाही दबी हुई है.

बाद में आरोपियों ने फरियादी की पत्नी को लेकर जाकर खेत में पूजा की. आरोपियों ने मटके में आभूषणों और 51 हजार रुपए नगद रखे. इसके बाद उन्होंने दीया भी जलाया. फिर उन्होंने पति और पत्नी को पूजा के फूल नहर में डालने के लिए भेज दिया. बाद में खुद रफूचक्कर हो गए.

पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने कई सीसीटीवी कैमर खंगाले और अलग-अलग टीमों का गठन किया. मुखबिरों को भी लगाया गया. फिर दो व्यक्ति गिरफ्त में आए, जो किन्नर ना होकर सामान्य व्यक्ति निकले और उन्होंने पूरी घटना को स्वीकार कर लिया. पुलिस के द्वारा उनको कोर्ट में पेश कर दिया गया है. पुलिस पूछताछ कर रही है कि उनके द्वारा किसी अन्य ऐसी घटना को तो अंजाम नहीं दिया गया है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *