Khargone News: अमरीका, इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत के कई हिस्सों में दिखने लगा है. मध्य प्रदेश में भी कुछ दिनों से गैस सिलेंडर को लेकर स्थिति बिगड़ी नजर आ रही है. अचानक बढ़ी मांग और सप्लाई में कमी के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है. खरगोन जिले में भी हालात गंभीर हैं. गैस एजेंसियों और गोदाम के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें दिख रही हैं. सुबह से ही सिलेंडर के इंतजार में लोग खड़े रहते हैं. कई लोगों को खाली हाथ भी लौटना पड़ रहा है.
वहीं, वर्तमान स्थिति को समझने के लिए local18 की टीम ने जिले की गैस एजेंसियों और गोदामों का दौरा किया. पड़ताल के दौरान सामने आया कि तीन दिन पहले हालात काफी खराब थे, लेकिन अब थोड़ी राहत मिली है. पहले की तुलना में भीड़ कम हुई है और कुछ लोगों को समय पर सिलेंडर मिलने लगा है. फिर भी पूरी तरह से स्थिति सामान्य नहीं कही जा सकती. कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बुकिंग में अब भी दिक्कत हो रही है. बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और सही जानकारी भी नहीं मिल पा रही है.
नई नियमावली से बढ़ी चिंता
सरकार ने अचानक गैस सिलेंडर बुकिंग की समय सीमा में बदलाव किया है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है. अब ग्रामीण इलाकों में 45 दिन और शहरों में 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग हो पा रही है. यह नियम लोगों के लिए सबसे बड़ी चिंता बन गया है. उपभोक्ताओं का कहना है कि एक सिलेंडर सामान्य तौर पर 25 से 30 दिन में खत्म हो जाता है. ऐसे में 45 दिन तक इंतजार करना मुश्किल है. बड़े परिवारों के लिए यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो गई है, जहां गैस की खपत ज्यादा होती है.
स्टॉक कम, सप्लाई पर दबाव
गोदाम पर जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सिलेंडर की सप्लाई जरूरत के मुकाबले काफी कम है. हर दो से तीन दिन में एक ट्रक आता है, जिसमें 300 से 350 सिलेंडर होते हैं. ये सिलेंडर कुछ ही घंटों में खत्म हो जाते हैं. गोदाम संचालक पप्पू सिंगारे ने बताया कि सप्लाई कम आने के कारण वितरण प्रभावित हो रहा है. कई बार तो ऐसा हुआ कि दोपहर तक ही पूरा स्टॉक खत्म हो गया. इसके चलते अगले दिन तक लोगों को इंतजार करना पड़ा.
होम डिलीवरी पर भी पड़ा असर
सिलेंडर की कमी का असर होम डिलीवरी सेवा पर भी पड़ा है. डिलीवरी बंद रखनी पड़ रही है. उपभोक्ताओं को खुद गोदाम जाकर सिलेंडर लेना पड़ा, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ा. जिले के मंडलेश्वर में संचालित भारत गैस एजेंसी के संचालक अरविंद पाटीदार ने बताया कि फिलहाल स्थिति पहले से बेहतर है, लेकिन नई समय सीमा के कारण लोगों को परेशानी हो रही है. जिनकी बुकिंग समय सीमा से पहले हो चुकी है, उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है.
उपभोक्ताओं ने बताई परेशानी
सिलेंडर लेने आए उपभोक्ता कालूराम पाटीदार ने बताया कि उन्हें कई बार कोशिश के बाद भी बुकिंग नहीं हो पाई. बार-बार एजेंसी आने से उनका काम भी प्रभावित हो रहा है. वहीं, एक अन्य उपभोक्ता सुरेश ने कहा कि उन्हें बुकिंग में कोई दिक्कत नहीं हुई और अगले दिन सिलेंडर मिल गया. सुलगांव से आए लखन सांवले ने बताया कि उन्हें करीब 30 किलोमीटर दूर से गोदाम आना पड़ा. उन्होंने कहा कि अब 45 दिन तक इंतजार करना मुश्किल होगा, क्योंकि उनका सिलेंडर एक महीने में ही खत्म हो जाता है. वहीं राधेश्याम कर्मा और पूरण जैसे कई उपभोक्ताओं ने भी अलग-अलग समस्याएं बताई.
कमर्शियल सिलेंडर बंद, कीमत भी बढ़ी
पड़ताल में यह भी पाया गया कि फिलहाल गोदाम पर सिर्फ घरेलू सिलेंडर ही मिल रहे हैं. कमर्शियल गैस की सप्लाई बंद है, जिससे छोटे व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है. होटल और दुकानों पर इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है. इसके साथ ही गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 60 रुपए की बढ़ोतरी ने लोगों का बजट बिगाड़ दिया है. पहले से चल रही किल्लत और नई समय सीमा के बीच अब बढ़ी कीमतें लोगों के लिए दोहरी परेशानी बन गई हैं.
.