Paneer Tikka Recipe: पनीर टिक्का का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में रेस्टोरेंट वाला स्मोकी और मसालेदार स्वाद आ जाता है. बाहर जाकर इसे खाना तो आसान है, लेकिन वही टेस्ट घर पर बनाना कई लोगों को मुश्किल लगता है. खासकर जब घर में तंदूर या ग्रिल जैसी सुविधा न हो, लेकिन सच ये है कि थोड़ी सी सही ट्रिक और सही मसालों का बैलेंस समझ लिया जाए, तो घर पर भी बिल्कुल वैसा ही अमृतसरी पनीर टिक्का तैयार किया जा सकता है, जैसा आप अपने पसंदीदा रेस्टोरेंट में खाते हैं. इस रेसिपी की सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें कोई जटिल स्टेप नहीं है. साधारण किचन में मौजूद चीजों से ही ये डिश बन जाती है.
दही, बेसन और कुछ आम मसालों से तैयार होने वाला मैरिनेशन इस रेसिपी की जान है, जो पनीर को अंदर तक फ्लेवर से भर देता है. चाहे आप इसे तवे पर बनाएं या ओवन में, दोनों तरीके में शानदार रिजल्ट मिलता है, अगर आप घर पर कुछ स्पेशल और रेस्टोरेंट जैसा बनाना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है.
घर पर ऐसे बनाएं अमृतसरी पनीर टिक्का
-सबसे पहले एक बड़े बाउल में गाढ़ा दही लें और उसे अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. अब इसमें भुना हुआ बेसन डालें, जिससे मैरिनेशन गाढ़ा और टिक्का कोटिंग वाला बनता है. इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, चाट मसाला, अजवाइन और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें. फिर इसमें नींबू का रस और सरसों का तेल मिलाएं, जो इस डिश को खास अमृतसरी फ्लेवर देता है.
-अब पनीर के बड़े टुकड़े, शिमला मिर्च और प्याज डालकर हल्के हाथों से मिलाएं ताकि मसाला हर पीस पर अच्छे से लग जाए. इसे ढककर करीब 30-45 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें. जितना ज्यादा समय आप इसे मैरिनेट करेंगे, उतना बेहतर स्वाद मिलेगा.
तवे पर बनाने का आसान तरीका
अगर आपके पास ओवन नहीं है, तो भी कोई चिंता की बात नहीं है. एक नॉन-स्टिक तवा लें और उस पर थोड़ा तेल या मक्खन डालकर गर्म करें. अब मैरिनेट किया हुआ पनीर और सब्जियां तवे पर रखें और मध्यम आंच पर पकाएं. बीच-बीच में पलटते रहें ताकि हर साइड से हल्का सुनहरा रंग आ जाए. कुछ ही मिनटों में आपका टिक्का तैयार हो जाएगा.
ओवन या ग्रिल में बनाने का तरीका
अगर आपके पास ओवन है, तो प्याज, शिमला मिर्च और पनीर को स्क्यूअर में लगाएं. ओवन को 200°C पर पहले से गर्म करें और टिक्का को 15-20 मिनट तक ग्रिल करें. इससे आपको हल्का चार्ड और रेस्टोरेंट जैसा टेक्सचर मिलेगा.
स्मोकी फ्लेवर का सीक्रेट
रेस्टोरेंट जैसा असली स्वाद पाने के लिए एक छोटा सा ट्रिक अपनाएं. एक जलता हुआ कोयला लें, उसे एक छोटी कटोरी में रखकर पनीर के बीच में रखें. उस पर थोड़ा घी डालें और तुरंत ढक दें. 2 मिनट में ही टिक्का में शानदार स्मोकी खुशबू आ जाएगी.
सर्व करने का तरीका
तैयार टिक्का पर थोड़ा चाट मसाला और बारीक कटा हरा धनिया डालें. इसे लच्छेदार प्याज और पुदीने की चटनी के साथ गरमा-गरम सर्व करें. ये डिश पार्टी हो या फैमिली डिनर, हर मौके पर फिट बैठती है.
.