आरटीओ कर्मचारी ट्रक चालक पर टूट पड़े। मारपीट की इस घटना में ट्रक चालक का सिर फट गया। जैसे ही इस बात की खबर अन्य ट्रक चालकों को लगी, वे लामबंद हो गए और …और पढ़ें
HighLights
- आरटीओ कर्मचारियों और ट्रक चालक में कहासुनी हो गई।
- इसके चलते आरटीओ कर्मचारी ट्रक चालक पर टूट पड़े।
- मारपीट की इस घटना में ट्रक चालक का सिर फट गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, रीवा। जिले के सोहागी स्थित आरटीओ चेक प्वाइंट पर सोमवार – मंगलवार की दरमियानी रात जमकर हंगामा हुआ। यहां मनमानी और अवैध वसूली के आरोप के बीच आरटीओ कर्मचारियों और ट्रक चालकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक ट्रक चालक का सिर फोड़ दिया गया।
इसके बाद ट्रक चालकों और वाहन मालिकों का गुस्सा फट पड़ा। उन्होंने घटना के विरोध में नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार, बीती देररात सोहागी आरटीओ चेक प्वाइंट पर वाहनों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान आरटीओ कर्मचारियों और एक ट्रक चालक के बीच कहासुनी हो गई।
इसके चलते आरटीओ कर्मचारी ट्रक चालक पर टूट पड़े। मारपीट की इस घटना में ट्रक चालक का सिर फट गया। जैसे ही इस बात की खबर अन्य ट्रक चालकों को लगी, वे लामबंद हो गए और उन्होंने मौके पर ही आरटीओ अमले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
आक्रोशित ट्रक चालकों ने आरटीओ अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने हाईवे के डिवाइडर पर बने अस्थाई केबिनों को भी उखाड़ कर फेंक दिया। ट्रक चालकों का बढ़ता आक्रोश देख आरटीओ कर्मचारी मौके से भाग निकले। इस अफरा-तफरी के चलते एनएच पर करीब आधे घंटे आवाजाही अवरुद्ध रही।
घटना की सूचना मिलते ही सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने प्रदर्शन कर रहे ट्रक चालकों को शांत करा स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल ट्रक चालक की शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ही अन्य ट्रक चालकों ने जाम खोला और यातायात बहाल हो सका।
पीड़ित ट्रक चालक से आवेदन लेकर मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शैलेंद्र सिंह चौहान, एसपी-रीवा।
.