देवास पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 10 लाख रुपए का सामान जब्त किया, जिसमें 65 ग्राम एमडी ड्रग्स भी शामिल है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने बताया कि प्रदेश स्तर पर अवैध मादक तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। देवास पुलिस की टीम ऐसे संगठित गिरोहों पर नजर रख रही थी, जो विशेष रूप से युवा पीढ़ी को नशे की लत में धकेलते हैं। एसपी गेहलोत के अनुसार, एक विशेष योजना के तहत 12 घंटे के भीतर चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई। जिसमे बैंक नोट प्रेस, पीपलरावां, कोतवाली और औद्योगिक क्षेत्र थानों की पुलिस ने यह कार्रवाई की, जिसमें कुल 14 आरोपी पकड़े गए। उनके पास से लगभग 65 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक सिल्वर रंग की इग्निस कार, एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से 5 से 6 के खिलाफ पहले से ही आपराधिक मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में लगी है कि यह एमडी ड्रग्स वह कहां से लेकर देवास पहुंचते थे और कहा खपाते थे। .