MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
CM मोहन यादव का आज का शेड्यूल: दिल्ली कार्यक्रम के बाद भोपाल में कृषि कार्यशाला में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नई दिल्ली में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे दोपहर 12:20 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:00 बजे भोपाल पहुंचेंगे और कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कृषि वर्ष उन्मुखीकरण कार्यशाला में हिस्सा लेंगे. इस कार्यशाला में कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी और किसानों के लिए नई योजनाओं व पहल पर भी विचार किया जाएगा. कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ और किसान प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.
CM विष्णु देव साय का आज का शेड्यूल: जगन्नाथ मंदिर में दर्शन, फिर विधानसभा की बैठकों में रहेंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री निवास से गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:00 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए रवाना होंगे और वहां निर्धारित कार्यक्रमों व बैठकों में हिस्सा लेंगे. दिनभर की व्यस्तताओं के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 6:00 बजे विधानसभा से मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे. इस दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों पर भी उनकी नजर रहेगी.
17 मार्च को कांग्रेस का हल्लाबोल: मनरेगा और जनहित के मुद्दों पर विधानसभा घेराव, सचिन पायलट होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ में 17 मार्च को कांग्रेस बड़ा हल्लाबोल प्रदर्शन करने जा रही है. मनरेगा बचाओ संग्राम और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट भी शामिल होंगे. कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेंगे. कांग्रेसी दोपहर 12 बजे रायपुर के भारत माता चौक से रैली निकालकर विधानसभा की ओर कूच करेंगे. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध जताया जाएगा.
BJYM का होली मिलन समारोह आज: CM विष्णुदेव साय और किरण देव सहित कई नेता होंगे शामिल
भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की ओर से 17 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता BJYM प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारीहा करेंगे. इस खास आयोजन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल होंगे. इसके अलावा कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक समेत कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी. कार्यक्रम शाम 5 बजे रायपुर के शहनाई गार्डन दरबार में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होकर होली की शुभकामनाएं देंगे.
समलैंगिक रिश्ते में हुआ विवाद बना हत्या की वजह! दोस्त ने उतारा मौत के घाट, नाले में मिली थी नग्न लाश
ग्वालियर में 13 मार्च को मिली युवक की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 34 वर्षीय मोनू गौड़ का शव लक्ष्मीगंज नाले में निर्वस्त्र हालत में मिला था. जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके समलैंगिक दोस्त करण पाल ने की थी. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच रिलेशन बनाने के दौरान नशे की हालत में विवाद हो गया, जिसके बाद करण पाल ने मोनू की हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया. घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के जागृति नगर की है. पुलिस ने आरोपी करण पाल को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
रोड नहीं तो टोल नहीं: भिंड में संत समाज का बड़ा जनआंदोलन आज से शुरू, बरेठा टोल प्लाजा पर डटे संत
भिंड में नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर आज “रोड नहीं तो टोल नहीं” जनआंदोलन शुरू होने जा रहा है. संत समाज के आवाहन पर भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी संगठन, विपक्षी दल, किसान, व्यापारी और युवा बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होंगे. संतों ने बरेठा टोल प्लाजा पर टेंट लगाकर डेरा जमा लिया है. आंदोलन की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से की जाएगी. प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. वहीं भिंड और ग्वालियर प्रशासन अलर्ट मोड पर है और टोल प्लाजा के आसपास बैरिकेडिंग कर निगरानी रखी जा रही है.
.