मंडला जिले के नैनपुर इलाके के चीजगांव में महुआ बीनने जंगल गई एक महिला पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चीजगांव की रहने वाली चेती बाई रोज की तरह जंगल में महुआ इकट्ठा करने गई थीं। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला बोल दिया, जिससे उनकी पीठ पर गहरे जख्म हो गए। चेती बाई के चिल्लाने की आवाज सुनकर पास ही मौजूद दूसरे ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे, जिन्हें देखकर भालू जंगल के अंदर भाग गया। अस्पताल में इलाज और मदद ग्रामीणों ने घायल महिला को तुरंत नैनपुर के सिविल अस्पताल पहुंचाया। घटना की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और महिला का हालचाल जाना। विभाग की ओर से महिला को तुरंत मदद के तौर पर 1,000 रुपए दिए गए हैं। गांव में डर का माहौल इस घटना के बाद से चीजगांव और आसपास के गांवों में रहने वाले लोग डरे हुए हैं। वन विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे फिलहाल अकेले जंगल की तरफ न जाएं और पूरी सावधानी बरतें। .