गर्मियों में रोज कितने गिलास पानी पीना चाहिए? एक्सपर्ट ने बताया हाइड्रेशन का फॉर्मूला

Last Updated:

Hydration Tips for Summer: गर्मियों में शरीर में पानी की कमी का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए एक्सपर्ट्स पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हैं. अगर कोई डिहाइड्रेशन का शिकार हो जाए, तो सादा पानी के बजाय नारियल पानी, ORS और नींबू पानी पीना चाहिए, ताकि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस ठीक हो सके.

Zoom

बेहतर हाइड्रेशन के लिए लोगों को रोज 8 से 10 गिलास पानी पीना चाहिए.

Expert Tips to Prevent Dehydration: गर्मियों के मौसम में चिलचिलाती धूप और पसीने के कारण शरीर से पानी तेजी से बाहर निकलता है. इससे शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा काफी बढ़ जाता है. गर्मियों में अक्सर लोग असमंजस में रहते हैं कि स्वस्थ रहने के लिए रोज कितने गिलास पानी पीना पर्याप्त है. हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो पानी की जरूरत हर व्यक्ति के वजन, शारीरिक गतिविधि और हेल्थ कंडीशन के आधार पर अलग-अलग हो सकती है. शरीर को केवल प्यास बुझाने के लिए नहीं, बल्कि अंगों के सुचारू संचालन, शरीर के तापमान को कंट्रोल करने और टॉक्सिन्स को बाहर निकालने के लिए भी पर्याप्त हाइड्रेशन की जरूरत होती है. ऐसे में सभी को पर्याप्त पानी पीना चाहिए, ताकि शरीर का कामकाज ठीक बना रहे.

नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की फाउंडर और सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि आमतौर पर एक स्वस्थ वयस्क को दिन भर में कम से कम 8 से 10 गिलास पानी पीना चाहिए. यह करीब 2.5 से 3 लीटर पानी के आसपास होता है. गर्मियों में जब तापमान 40°C के पार चला जाता है, तो यह मात्रा बढ़ सकती है. हाइड्रेशन का एक सरल फॉर्मूला यह है कि आपको अपने शरीर के वजन के प्रति 20 किलोग्राम पर लगभग 1 लीटर पानी पीना चाहिए. उदाहरण के लिए अगर आपका वजन 60 किलो है, तो आपको कम से कम 3 लीटर पानी की आवश्यकता है. हालांकि एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय हर एक घंटे में एक गिलास पानी पीना फायदेमंद होता है, क्योंकि इससे शरीर पानी को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

डाइटिशियन ने बताया कि हमारा शरीर डिहाइड्रेशन होने पर कई तरह के संकेत देता है, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. अगर आपके पेशाब का रंग गहरा पीला है, तो यह साफ संकेत है कि आप पर्याप्त पानी नहीं पी रहे हैं. इसके अलावा बार-बार सिरदर्द होना, चक्कर आना, मुंह सूखना, अत्यधिक थकान और स्किन ड्राइनेस भी पानी की कमी के लक्षण हैं. गर्मियों में इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी होने से मांसपेशियों में ऐंठन भी हो सकती है. विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि प्यास लगने का इंतजार न करें, क्योंकि जब आपको प्यास महसूस होती है, तब तक आपका शरीर पहले ही 1% से 2% डिहाइड्रेटेड हो चुका होता है.

एक्सपर्ट ने बताया कि शरीर को हाइड्रेटेड रखने का मतलब केवल सादा पानी पीना ही नहीं है. गर्मियों में पसीने के जरिए शरीर से जरूरी मिनरल्स भी निकल जाते हैं. इसलिए विशेषज्ञों के अनुसार डाइट में तरल पदार्थों की विविधता होनी चाहिए. आप नारियल पानी, नींबू पानी, ताजे फलों का जूस, छाछ और ओआरएस के घोल को शामिल कर सकते हैं. इसके अलावा ऐसे फल और सब्जियां खाएं, जिनमें पानी की मात्रा अधिक हो. तरबूज, खीरा, ककड़ी और संतरा न केवल हाइड्रेशन प्रदान करते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स भी देते हैं, जो चिलचिलाती गर्मी से लड़ने में मदद करते हैं.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *