सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र के बधौरा स्थित अडाणी पावर प्लांट में शनिवार सुबह फैली एक अफवाह के कारण हंगामा हुआ था। नतीजा- 10 से ज्यादा गाड़ियों में तोड़फोड़, 25 से ज्यादा एयर कंडीशनर फोड़े, ऑफिस में आगजनी।
.
दरअसल, यहां झारखंड के रहने वाले लल्लन सिंह की मौत हार्ट अटैक से हो गई थी। सुबह लोगों को लगा कि काम के दौरान हुई दुर्घटना में जान गई है। कंपनी प्रबंधन ने मामला छिपा लिया है। इसके बाद मजदूर भड़क गए। यहां पांच घंटे तक अफरा–तफरी मची रही।
फिलहाल कंपनी में हालात सामान्य हैं। सुरक्षा की दृष्टि से रविवार को पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। 400 से ज्यादा मजदूर काम सामान लेकर अपने-अपने घर चले गए हैं। किसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वीडियोग्राफी के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
दैनिक भास्कर ने मामले की तह तक जाने के लिए लल्लन सिंह के रूम मेट कमलेश, एसडीओपी गौरव पांडेय और एसडीएम नंदन तिवारी से बात की।
शनिवार को गुस्साए मजदूरों ने अडाणी पावर प्लांट में तोड़फोड़ और आगजनी की।
रात 11 बजे से तबीयत बिगड़ी, फिर मौत
कंपनी में झारखंड का रहने वाला लल्लन सिंह काम करता था। वह एक कमरे में सहकर्मी कमलेश के साथ रहता था। मामले की शुरुआत शुक्रवार रात तकरीबन 11:00 बजे से होती है। कमलेश ने बताया कि रात में लल्लन की तबीयत बिगड़ गई। उसने कहा कि गले में कुछ फंस रहा है। सांस नहीं ले पा रहा हूं। मुझे लगा कि शायद सर्दी के कारण ऐसा हो गया होगा। मैंने उसे खाने के लिए अदरक दिया। वह अदरक का टुकड़ा भी नहीं चूस पाया। इसके बाद उसने अपने सीने को हाथों से पीटना शुरू कर दिया। कुछ देर में जमीन पर गिर पड़ा। मैं घबरा गया। मैंने कंपनी में फोन किया। एंबुलेंस की मदद से उसे बैढ़न लेकर आए। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रात में ही शव ट्रामा सेंटर में रखवा दिया गया।
फिर सुबह अफवाह से शुरू हुआ बवाल
कमलेश ने बताया कि अगले दिन यानी शनिवार सुबह 7:00 बजे कंपनी में पहली शिफ्ट शुरू हुई। यहां अफवाह फैल गई कि काम के दौरान कर्मचारी की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई है। कंपनी प्रबंधन ने मामले को दबाने के लिए लाश छिपा दी है। इसी के बाद मजदूरों में आक्रोश फैल गया।
एसडीएम नंदन तिवारी ने बताया कि मजदूरों ने गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। एक ऑफिस में आग लगा भी दी। करीब पांच घंटे बाद अफसरों की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
एसडीएम ने यह भी बताया कि इसके अलावा, मजदूरों के अलग-अलग मुद्दे भी हैं। कुछ ने काम के घंटों को लेकर शिकायत की है। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि कंपनी प्रबंधन से बात कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

गुस्साए मजदूरों ने इस तरफ कंपनी के ऑफिस में तोड़फोड़ की थी।
एसडीओपी बोले- पुलिस टीम को अलर्ट पर रखा
एसडीओपी गौरव पांडे ने बताया कि फिलहाल नुकसान का सटीक अंदाजा नहीं लगाया जा सका है। कंपनी को नुकसान का आकलन करके लिस्ट देने के लिए कहा गया है, लेकिन वहां से कोई जानकारी फिलहाल नहीं दी गई है।
घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई है। उपद्रव करने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक लिखित में शिकायत नहीं दी गई है, इसलिए किसी भी व्यक्ति या उपद्रवियों पर FIR नहीं की गई है। बधौरा चौकी और माडा पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि कंपनी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
400 से ज्यादा मजदूर काम छोड़कर घर गए
हंगामे के बाद दूसरे निर्माण कार्यों में लगे मजदूर पलायन करने लगे हैं। रविवार को भी करीब 400 मजदूर अपना सामान लेकर अपने–अपने घर की तरफ चले गए।
कटनी जिले के रहने वाले मजदूर विष्णु ने बताया कि हम रात में ड्यूटी करके सो रहे थे। सुबह उठे तो पता चला कि किसी मजदूर की मौत हो गई है। कंपनी के अंदर लोग तोड़फोड़ और मारपीट कर रहे हैं। सब लोग जा रहे थे, इसलिए मैं भी जा रहा हूं। जब सब लोग लौटेंगे, तो मैं भी वापस आ जाऊंगा।

रविवार सुबह तक करीब 400 मजदूर सामान लेकर अपने-अपने घर चले गए।
प्रोडक्शन प्रभावित नहीं, नए प्लांट में हुई थी घटना
दरअसल, यहां पुराने पावर प्लांट के पीछे कंस्ट्रक्शन चल रहा है। यहां अपग्रेड करने के लिए नए प्लांट का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी जगह मजदूरों ने तोड़फोड़ की है। इस कारण प्राेडक्शन प्रभावित नहीं हुआ है। सिर्फ नए प्लांट का निर्माण कार्य जरूर रुक गया है। यह कार्य प्रभावित होगा। रविवार को भी काम संचालित नहीं सका।
यह भी पढ़ें
मजदूर की मौत; अडाणी पावर प्लांट में आगजनी
सिंगरौली जिले के माडा थाना क्षेत्र के बधौरा स्थित अडाणी पावर प्लांट में शनिवार सुबह मजदूर की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए मजदूरों ने प्लांट परिसर में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी। सामने आए वीडियो में दूर से काले धुएं का बड़ा गुबार नजर आ रहा है। प्लांट के अंदर एक साइट के नीचे भी आग लगी थी। पढ़ें पूरी खबर
.