वजन कम करना या बढ़ानी हो इम्यूनिटी! रोज खाएं स्प्राउट्स, एक्सपर्ट से जानिए इसके फायदे

Last Updated:

Sprouts Health Benefits: अक्सर लोग स्प्राउट्स को सिर्फ बॉडीबिल्डिंग या जिम डाइट का हिस्सा मानते हैं, लेकिन यह छोटा सा दिखने वाला अंकुरित अनाज असल में सेहत का पावरहाउस है. वजन घटाने की जद्दोजहद हो या कमजोर पाचन और गिरती इम्यूनिटी की समस्या, स्प्राउट्स हर मर्ज की एक कारगर दवा साबित हो सकते हैं. अंकुरण की प्रक्रिया दालों के पोषक तत्वों को कई गुना बढ़ा देती है, जिससे यह ‘सुपरफूड’ बन जाते हैं. जानिए इसे डाइट में शामिल करने के बेमिसाल फायदे और इस्तेमाल का सही तरीका, ताकि आप इसके गुणों का पूरा लाभ उठा सकें.

आजकल स्प्राउट्स यानी अंकुरित अनाज को लोग सिर्फ जिम जाने वालों का फूड समझते हैं, लेकिन सच्चाई इससे काफी अलग है. न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स के अनुसार स्प्राउट्स हर उम्र के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद होते हैं. इनमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं.

डॉ राजकुमार (आयुष) ने बताया कि स्प्राउट्स असल में अंकुरित दालें और अनाज होते हैं, जैसे मूंग, चना या मेथी. जब इन्हें भिगोकर अंकुरित किया जाता है, तो इनमें मौजूद पोषक तत्व कई गुना बढ़ जाते हैं. एक्सपर्ट्स बताते हैं कि अंकुरण की प्रक्रिया के बाद इनमें विटामिन सी, बी कॉम्प्लेक्स और एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा ज्यादा हो जाती है. यही कारण है कि स्प्राउट्स को सुपरफूड की कैटेगरी में रखा जाता है.

अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो भी स्प्राउट्स काफी मददगार साबित हो सकते हैं. इनमें कैलोरी कम और फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है. यही वजह है कि बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग से बचाव होता है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

स्प्राउट्स पाचन तंत्र के लिए भी काफी अच्छे माने जाते हैं. इनमें मौजूद एंजाइम्स और फाइबर पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाते हैं. जो लोग अक्सर गैस, कब्ज या अपच की समस्या से परेशान रहते हैं, उनके लिए स्प्राउट्स एक आसान और प्राकृतिक उपाय हो सकते हैं. नियमित रूप से सीमित मात्रा में स्प्राउट्स खाने से पेट से जुड़ी कई समस्याओं में राहत मिल सकती है और शरीर हल्का महसूस होता है.

इम्यूनिटी बढ़ाने के मामले में भी स्प्राउट्स काफी असरदार माने जाते हैं. इनमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं. इससे कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है. खासकर बदलते मौसम में जब सर्दी-जुकाम और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, तब स्प्राउट्स खाना शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में सहायक साबित हो सकता है.

स्प्राउट्स दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं. इनमें मौजूद फाइबर और जरूरी मिनरल्स कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मदद करते हैं. कई स्टडीज में यह बात सामने आई है कि अंकुरित अनाज का नियमित सेवन करने से हृदय से जुड़ी समस्याओं का खतरा कम हो सकता है.

हालांकि स्प्राउट्स खाते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है. स्प्राउट्स हमेशा अच्छी तरह धोकर और साफ-सुथरे तरीके से तैयार किए हुए ही खाने चाहिए. कई लोग इन्हें हल्का उबालकर या भाप में पकाकर भी खाते हैं, जिससे बैक्टीरिया का खतरा कम हो जाता है. ज्यादा मात्रा में स्प्राउट्स खाने से पेट में गैस या ब्लोटिंग की समस्या भी हो सकती है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *