सतना की बेटी स्नेहा गुप्ता की अंतरिक्ष तक पहुंची पहचान, नासा मिशन में नाम

सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले की युवा टेक प्रोफेशनल और एंटरप्रेन्योर स्नेहा गुप्ता ने कम उम्र में ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनपर पूरा विंध्य क्षेत्र गर्व कर रहा है. 25 वर्ष से भी कम उम्र में उन्होंने तकनीक और उद्यमिता की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई है. सतना के टिकुरिया टोला से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंची स्नेहा की कहानी किसी प्रेरणादायक फिल्म से कम नहीं है. उनका नाम अब अंतरिक्ष मिशन तक पहुंच चुका है, जहां दुनियाभर के चुनिंदा लोगों के साथ उनका नाम भी भेजा गया है. यही नहीं, उन्हें न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वॉयर में स्थित नैस्डैक टावर पर भी फीचर किया जा चुका है, जो किसी भी युवा टेक प्रोफेशनल के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है. स्नेहा के पिता कमलेश गुप्ता और भाई अंकुर गुप्ता स्थानीय क्षेत्र में मोबाइल शॉप चलाते हैं और उनकी माता सुनीता गुप्ता गृहिणी हैं. स्नेहा को हमेशा से परिवार का पूरा समर्थन मिला, जिसने उन्हें बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला दिया.

स्नेहा गुप्ता की शुरुआती पढ़ाई सतना में ही हुई. पढ़ाई के साथ-साथ वह खेलों में भी सक्रिय रहीं और थाई बॉक्सिंग में स्टेट लेवल तक पहुंचीं. कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उन्होंने बीसीए की डिग्री हासिल की और इसी दौरान उनकी रुचि टेक्नोलॉजी और इंजीनियरिंग की दुनिया में बढ़ती चली गई. आईटी क्षेत्र में कार्यरत उनके कजिन भाई-बहन स्नेहा के लिए प्रेरणा बने. परिवार के मार्गदर्शन और अपने जुनून के दम पर उन्होंने तकनीक की दुनिया में कदम रखा और धीरे धीरे अपने करियर को नई दिशा दी.

इंटर्नशिप से को-फाउंडर बनने तक का सफर
साल 2021 में बीसीए की पढ़ाई के दौरान स्नेहा ने इन्फिनिटीवर्स कंपनी में वेब डेवलपर इंटर्न के रूप में काम शुरू किया. अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर वह कंपनी में टॉप परफॉर्मर रहीं. इसके बाद उन्हें कई ऑनलाइन इंटर्नशिप और ट्रेनिंग के अवसर मिले. स्नेहा ने आगे चलकर माइक्रोसॉफ्ट में भी इंटर्नशिप की और तकनीकी कौशल को और मजबूत किया. 2022 में उन्होंने इन्फिनिटीवर्स में क्लाउड इंजीनियर के रूप में काम शुरू किया और धीरे धीरे कंपनी की ग्रोथ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इसी दौरान उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट से जुड़कर पार्ट टाइम टेक एक्सपर्ट के रूप में भी काम किया और बाद में माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस कम्युनिटी एक्सपर्ट बनीं. उनकी लगातार मेहनत और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए 2023 में उन्हें कंपनी का को-फाउंडर बना दिया गया.

गूगल, एप्पल और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ काम
टेक्नोलॉजी की दुनिया में स्नेहा की पहचान तेजी से बढ़ती गई. उन्हें गूगल के प्रतिष्ठित कार्यक्रम गूगल वूमेन टेकमेकर्स की एम्बेसडर बनने का अवसर मिला. यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह सतना क्षेत्र की पहली युवती बनीं. इसके अलावा उन्हें एप्पल द्वारा एप्पल रिकॉग्नाइज्ड टीचर के रूप में भी प्रमाणित किया गया. वह शिक्षण क्षेत्र में भी योगदान दे रही हैं. वह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अन-एकेडमी पर गेट सीएसई की एजुकेटर के रूप में भी काम कर चुकी हैं. स्नेहा ने कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के साथ भी काम किया है, जिनमें सोनी नॉर्थ अमेरिका और एचपी जैसे बड़े नाम शामिल हैं.

जब नासा मिशन तक पहुंचा सतना की बेटी का नाम
स्नेहा की सबसे खास उपलब्धियों में से एक वह क्षण है, जब उनका नाम अंतरिक्ष मिशन के साथ भेजा गया. 2024 में उन्हें नासा की ओर से एक ईमेल मिला, जिसमें उन्हें मैसेज इन बॉटल अभियान के तहत अपना नाम भेजने का अवसर दिया गया. इस अभियान के तहत दुनियाभर के लोगों के नाम एक सिलिकॉन चिप में संग्रहित किए गए और उन्हें यूरोपा क्लिपर मिशन के साथ अंतरिक्ष में भेजा गया. यह मिशन बृहस्पति ग्रह के चंद्रमा यूरोपा की ओर जा रहा है और अनुमान है कि 2030 तक यह अपने डेस्टिनेशन के करीब पहुंच जाएगा. इस मिशन के साथ भेजे गए नामों में स्नेहा गुप्ता का नाम भी शामिल है, जो उनके लिए ही नहीं बल्कि पूरे सतना जिले के लिए गर्व का विषय बन गया है.

नैस्डेक टावर पर फीचर होने का सम्मान
साल 2024 में स्नेहा ने एक अंतरराष्ट्रीय प्रोग्राम में हिस्सा लिया, जो दुनिया की प्रमुख स्टॉक एक्सचेंज कंपनियों में से एक नैस्डेक से जुड़ा था और इस कार्यक्रम में वह टॉप परफॉर्मर भी रहीं. इसके बाद 2025 में उन्हें न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर स्थित नैस्डेक टावर पर फीचर किया गया. यह सम्मान दुनियाभर के चुनिंदा प्रतिभाशाली युवाओं को दिया जाता है. स्नेहा वर्तमान में नैस्डेक के साथ मेंटोर के रूप में भी जुड़ी हुई हैं और नए युवाओं को मार्गदर्शन दे रही हैं.

मॉडलिंग और सोशल मीडिया में भी सक्रिय
टेक्नोलॉजी के साथ-साथ स्नेहा ने मॉडलिंग और डिजिटल कंटेंट की दुनिया में भी कदम रखा है. वह कई ब्रांड्स के लिए मॉडल और इन्फ्लुएंसर के रूप में काम कर चुकी हैं. ई-कॉमर्स और ब्यूटी प्लेटफॉर्म्स के साथ काम करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर भी अपनी पहचान बनाई है. इसके अलावा उन्हें कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय इवेंट्स में आमंत्रित किया जा चुका है.

युवाओं के लिए प्रेरणा स्नेहा गुप्ता
स्नेहा गुप्ता का मानना है कि किसी भी छोटे शहर से निकलकर भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं. वह कहती हैं कि लगातार मेहनत और सीखने की इच्छा इंसान को आगे बढ़ाती है. उनका लक्ष्य अपनी कंपनी इन्फिनिटीवर्स को वैश्विक स्तर पर स्थापित करना है और साथ ही सतना सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के युवाओं को प्रेरित करना है कि वे भी तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *