Last Updated:
Nischay Swayam Sahayata Bhatta: मुजफ्फरपुर के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए राहत की खबर है. मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को हर महीने 1000 रुपये सरकार देगी. 20 से 25 वर्ष के इंटर और स्नातक पास युवा कैसे कर सकते हैं आवेदन और कौन से दस्तावेज हैं जरूरी, जानें पूरी प्रक्रिया यहां.
मुजफ्फरपुर: बिहार सरकार की ‘युवा शक्ति-बिहार की प्रगति’ अभियान के तहत शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है. मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत मुजफ्फरपुर के पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. इस योजना का मकसद उन युवाओं को आर्थिक संबल देना है जो अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की तलाश में जुटे हैं. जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (DRCC), मुजफ्फरपुर के मैनेजर मनोज कुमार प्रधान ने बताया कि योजना के तहत चयनित युवाओं को रोजगार खोजने की अवधि के दौरान प्रति माह 1000 रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
योजना का लाभ लेने के लिए सरकार ने कुछ अनिवार्य शर्तें रखी हैं. इसमें आवेदक की उम्र 20-25 वर्ष के बीच होनी चाहिए. शैक्षणिक योग्यता में अभ्यर्थी का 12वीं (इंटरमीडिएट) या स्नातक (बीए, बीएससी, बीकॉम) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. आवेदक फिलहाल किसी भी उच्चतर शिक्षा संस्थान में पढ़ाई न कर रहा हो. आवेदक का बिहार का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है.
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज
सत्यापन के समय अभ्यर्थियों को निम्नलिखित कागजात की मूल प्रति और फोटोकॉपी साथ रखनी होगी. 10वीं का प्रमाण-पत्र, 12वीं या स्नातक का अंकपत्र और प्रमाण-पत्र. कॉलेज या स्कूल का परित्याग प्रमाण-पत्र (SLC/CLC), आधार कार्ड और आवासीय प्रमाण-पत्र. बैंक पासबुक (जिसमें नाम, खाता संख्या और IFSC कोड स्पष्ट हो).
आवेदन की प्रक्रिया और सत्यापन
योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी बनाया गया है. ऐप से आवेदन के लिए इच्छुक युवा अपने मोबाइल के Google Play Store से Yuva Nischay ऐप डाउनलोड कर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं. ऑनलाइन आवेदन के 30 दिनों के भीतर अभ्यर्थी को अपने दस्तावेजों के फिजिकल वेरिफिकेशन के लिए DRCC कार्यालय आना होगा. सत्यापन प्रक्रिया मुजफ्फरपुर के सिकंदरपुर स्थित नेहरू स्टेडियम के पीछे, जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में किसी भी कार्य दिवस (सुबह 10 से शाम 5 बजे) में पूरी की जा सकती है.
सहायता के लिए यहां करें संपर्क
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी टोल फ्री नंबर 1800-345-6444 या दूरभाष संख्या 0621-2212420 पर संपर्क कर सकते हैं. साथ ही बिहार सरकार की आधिकारिक वेबसाइट www.prdbihar.gov.in पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है.
About the Author
मैंने अपने 12 वर्षों के करियर में इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में काम किया है। मेरा सफर स्टार न्यूज से शुरू हुआ और दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर डिजिटल और लोकल 18 तक पहुंचा। रिपोर्टिंग से ले…और पढ़ें
.