MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
गरियाबंद की घटारानी में आग से तबाही
प्रसिद्ध पर्यटन स्थल घटारानी में लगी भीषण आग से कई अस्थायी दुकानें जलकर खाक हो गईं. बांस और लकड़ियों से बनी इन दुकानों में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया. फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है. आग लगने का कारण फिलहाल पता नहीं है. हालांकि, जंगल में आग लगने की आशंका जताई जा रही है.
UGC कानून के विरोध में सवर्ण समाज का महाआंदोलन
UGC कानून के विरोध में सवर्ण समाज एक बार फिर महाआंदोलन का आयोजन कर रहा है. इस दौरान करणी सेना समाज सहित विभिन्न सवर्ण समाज के लोग खुशीलाल ग्राउंड में एकत्र होंगे. कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात किया गया है.
डिण्डौरी में खाद्य विभाग की सख्त कार्रवाई, होटल से गैस सिलेंडर जब्त
शहपुरा नगर में खाद्य विभाग ने लगातार दूसरे दिन सख्त कार्रवाई की. सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के निरीक्षण में शहीद स्मारक के पास राम जोधपुर मिष्ठान भंडार से 2 और मुड़की शहपुरा स्थित प्रेम ढाबा से 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया. जांच में होटल संचालक इन सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग कर रहे पाए गए. आम उपभोक्ताओं को गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कार्रवाई की गई. दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ जरूरी वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया. कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहने के संकेत हैं.
दुर्ग में कबाड़ कारोबारियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया और बड़ी मात्रा में स्क्रैप जप्त किया. आरोपियों द्वारा कई वाहनों को काटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी. यह कार्रवाई मोहन नगर, सिटी कोतवाली और थाना अंडा के विभिन्न क्षेत्रों में की गई थी.
मुरैना: नीलगाय शिकार गैंग का भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीलगाय का शिकार कर उसका मास ढाबों पर बेचने वाली गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के घर से 50 किलो से अधिक नीलगाय का मास बरामद किया गया. दो दिन पहले खंडोली-सिहोरी के जंगल में आरोपियों ने नीलगाय का शिकार किया था और मौके से नीलगाय का सिर और चमड़ी भी जप्त की गई. आरोपी रिंकू खान शिकार करता था, जबकि सोनू नागर के घर से मास मिला. पूरे मामले में सराएछोला थाना क्षेत्र के जारह गांव से जुड़े आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर वन विभाग पूछताछ में जुटी है.
बैतूल में आज शिवराज सिंह चौहान, हेमन्त खण्डलेवाल की पुत्री को देंगे श्रद्धांजलि
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज बैतूल आएंगे. वे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमन्त खण्डलेवाल के निवास पहुंचकर उनकी दिवंगत पुत्री सुरभि को श्रद्धांजलि देंगे. शिवराज सिंह चौहान दोपहर 3:40 बजे बैतूल पहुंचेंगे और लगभग 15 मिनट रुकने के बाद बैतूल से रवाना होंगे.
रीवा में अवैध पशु तस्करी का बड़ा भंडाफोड़
अवैध पशु तस्करी का एक बड़ा भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें पुलिस ने ट्रक समेत 34 भैंसों को अपने कब्जे में लिया. इन भैंसों की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है, जबकि ट्रक की कीमत 60 लाख रुपये है, जिससे कुल 80 लाख रुपये की कार्रवाई की गई है. ये भैंसें उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थीं, जिन्हें सेमरिया पुलिस ने गेरूआर मोड़ पर दबोच लिया. पुलिस को देख तस्करी में शामिल तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तीनों को पकड़ लिया. फरार तस्कर की तलाश जारी है और इस मामले में पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है.
रायपुर में मांस-मटन बिक्री पर बैन
रायपुर नगर निगम क्षेत्र में 20 मार्च (चेट्रीचंड), 27 मार्च (रामनवमी) और 31 मार्च (महावीर जयंती) को मांस और मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. इस आदेश के तहत सभी पशुवध गृह और मांस-मटन दुकानें बंद रहेंगी. महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने यह आदेश जारी किया है. जोन और स्वच्छता अधिकारी निरीक्षण करेंगे और उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें होटलों में मांस-मटन बिक्री पर जप्ती और अन्य कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
भोपाल में नागरिकों को राहत, गैस एजेंसियां संडे को भी खुली रहेंगी
गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों के मद्देनजर प्रशासन ने फैसला लिया है कि रविवार को भी LPG गैस की आपूर्ति जारी रहेगी. सभी गैस एजेंसियां रविवार को खुली रहेंगी. भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि उन्हें घबराने या अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बुरहानपुर, कच्छ और दिल्ली दौरे पर
मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बुरहानपुर, कच्छ और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे. सुबह 11 बजे वे बुरहानपुर जिले के नेपानगर रवाना होंगे, जहां वे जनजातीय सम्मेलन में शामिल होंगे और साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण तथा भूमिपूजन करेंगे. दोपहर 2 बजे नेपानगर से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे और दोपहर 2.55 बजे इंदौर से कच्छ, गुजरात के लिए रवाना होंगे. शाम 3.55 बजे कच्छ पहुंचेगे और शाम 4 से 4.40 बजे भुज-अंजर हाईवे, अंजार, कच्छ में स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. रात 9.20 बजे कच्छ एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे और रात 10.50 बजे दिल्ली पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे तथा रात को आराम करेंगे.
भिंड: नेशनल हाईवे 719 चौड़ीकरण को लेकर 16 मार्च को बड़ा जनांदोलन
भिंड में नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर 16 मार्च को बरेठा टोल पर बड़ा जनांदोलन होगा. संत समाज के आवाहन पर इस आंदोलन में भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी संगठन, किसान, व्यापारी, नौजवान और विपक्षी दलों के नेता बड़ी संख्या में शामिल होंगे. संत समिति के जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज ने कहा कि इस बार आंदोलन आर-पार का होगा. प्रशासन से परमिशन न मिलने के बावजूद आंदोलन करने का ऐलान किया गया है. आंदोलन से पहले प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला की मौजूदगी में कलेक्टर, विधायक, दंदरौआ धाम के महंत और आंदोलनकारियों के बीच बैठक हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी. करीब दो घंटे चली बैठक में NHAI और MPRDC के अधिकारी भी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बताया कि हाईवे चौड़ीकरण का काम फरवरी 2027 तक शुरू होने की संभावना है, जबकि आंदोलनकारी रोड नहीं तो टोल नहीं के नारे के साथ जल्द काम शुरू कराने की मांग पर अड़े हुए हैं.
एसपी आफिस के बाहर बाइक में लगी आग
छतरपुर के एस पी आफिस के सामने उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान में खडी बाइक में अचानक आग की लपटें उठने लगी और देखते ही देखते आग की लपटें भीषण आग में बदल गईं, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बताया जा रहा है कि बाइक रिपेयरिंग की दुकान के बाहर खड़ी थी, तभी अचानक उसमें से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग भड़क उठी. आग बढ़ते देख आसपास बैठे लोगों और राहगीरों ने तुरंत साहस दिखाते हुए पानी और धूल डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. हालांकि, आग लगने से बाइक को नुकसान पहुंचा है. घटना के दौरान कुछ देर के लिए वहां हड़कंप की स्थिति बनी रही. फिलहाल आग लगने के कारणों का साफ पता नहीं चल पाया है.
.