मुरैना में फ्रिज में 2 क्विंटल नीलगाय का मांस मिला: सिर और चमड़ी भी बरामद; चंबल के बीहड़ में शिकार कर होटलों में करते थे सप्लाई – Morena News


मुरैना के जातवर गांव में शनिवार देर शाम वन विभाग ने एक घर पर छापा मारकर फ्रिज में रखा 2 क्विंटल (चार बोरे) नीलगाय का मांस बरामद किया है। इस मामले में वन विभाग की टीम ने एक आरोपी रिंकू खान को गिरफ्तार किया है, जबकि मकान मालिक सोनू नागर पर भी कार्रवाई की गई है। आरोपी चंबल के बीहड़ में नीलगाय का शिकार करते थे और फिलहाल विभाग पकड़े गए आरोपी से नेटवर्क की पूछताछ कर रहा है। शनिवार देर शाम हिंदू संगठन के द्वारा वन विभाग को घर में मांस होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने ग्राम जातवर में सोनू नागर के घर पर छापा मारा। वहां मौके पर रिंकू खान पुत्र अकबर खान मिला। घर में रखे एक बड़े फ्रिज की तलाशी लेने पर करीब चार प्लास्टिक के बोरों में भरा दो क्विंटल नीलगाय का मांस मिला। वन विभाग की टीम ने इस मांस को तुरंत जब्त कर लिया और आरोपी रिंकू खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया। बीहड़ में करते थे शिकार, सिर और चमड़ी बरामद वन विभाग ने गिरफ्तार आरोपी रिंकू खान की निशानदेही पर सिहोरी गांव के बीहड़ में भी दबिश दी। यहां से टीम ने शिकार की गई नीलगाय का सिर और चमड़ी भी बरामद की है। तस्करों के द्वारा बीहड़ में मौजूद नीलगायों को पकड़कर वहीं बीहड़ में ही काटा जा रहा था। मेवाती होटलों और दूसरे जिलों में होती थी सप्लाई लंबे समय से नीलगाय का शिकार कर होटलों और अन्य जिलों में मांस की सप्लाई की जा रही थी। इस मांस को तस्कर आसपास के मेवाती होटलों पर और पास के अन्य (दीगर) जिलों में सप्लाई करते थे। वन विभाग की टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधीक्षक बोले- मकान मालिक पर भी की गई कार्रवाई वन विभाग के अधीक्षक श्याम सिंह चौहान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी रिंकू खान से विभाग लगातार पूछताछ कर रहा है। अधीक्षक श्याम सिंह चौहान के अनुसार, “पकड़े गए आरोपी रिंकू खान से विभाग पूछताछ कर रहा है । उसकी निशान देही पर बीहड़ से गाय का सर और चमड़ी भी बरामद की गई है। इसमें कौन कौन शामिल है यह जानकारी जुटाई जा रही है । फिलहाल रिंकू खान और मकान मालिक सोनू नागर पर कार्रवाई की गई है ।” .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *