शिवपुरी जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। कोलारस थाना क्षेत्र में गाय को बचाने के प्रयास में एक कार पलट गई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। वहीं, शिवपुरी शहर के माधव चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने गोलंबर की रेलिंग तोड़ दी। जानकारी के अनुसार, भोपाल निवासी साहूराम (90) अपने परिवार के साथ 12 मार्च को लखनऊ से भोपाल लौट रहे थे। शाम के समय उनकी कार कोलारस थाना क्षेत्र में एनएच-46 पर अन्नपूर्णा होटल के सामने पहुंची। गाय को बचाने के लिए अचानक ब्रेक लगाए
अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार कई गुलाटें खाते हुए डिवाइडर में जा गिरी। हादसे में कार सवार साहूराम (90), सेवा बाई (68), सरिता (41) और प्रिया (8) निवासी भोपाल को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को कोलारस के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। कार के एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। पूरी घटना हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। कोलारस पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेलिंग से टकराई कार
इधर, शिवपुरी शहर के माधव चौक पर गुरुवार देर रात एक और हादसा हुआ। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच एक तेज रफ्तार कार माधव चौक के गोलंबर में लगी रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गोलंबर की तीन से चार रेलिंग क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस इस मामले में जानकारी जुटा रही है। .