उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य गुरुवार को आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ माता बगलामुखी के दर्शन किए और विशेष हवन अनुष्ठान में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने देश-प्रदेश में सुख, समृद्धि, शांति और सर्वजन के कल्याण की कामना की। मंदिर में दर्शन के उपरांत, मौर्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष हवन अनुष्ठान संपन्न कराया। इसके पश्चात, वे सांदीपेंद्र आश्रम गए। वहां उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी सांदीपेंद्र गिरि (पंचायती अखाड़ा निरंजनी) से शिष्टाचार भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। सिद्धपीठ पहुंचने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष रोहित सकलेचा, महामंत्री शिवम नागर और कोषाध्यक्ष संजय तोमर सहित पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। मंदिर में दर्शन के समय सुरक्षाकर्मियों ने मीडियाकर्मियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। उपमुख्यमंत्री मौर्य ने इस दौरान मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष कमल मंडलोई, एसडीओपी देवनारायण यादव, तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव और थाना प्रभारी नागेश यादव भी उपस्थित थे। .