मध्य प्रदेश के सिंगरौली में 15 साल के नाबालिग की हत्या के विरोध में भीड़ ने बुधवार रात मोरवा थाने पर हमला कर पत्थरबाजी कर दी। पुलिस को आंसू गैस के गोल …और पढ़ें
HighLights
- सिंगरौली में नाबालिग की हत्या पर भीड़ ने थाने पर किया हमला
- तीन दिन से लापता बालक का सूने मकान में मिला शव
- हत्या के दो आरोपित गिरफ्तार, उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, सिंगरौली। 15 साल के नाबालिग की हत्या के विरोध में भीड़ ने बुधवार रात मोरवा थाने पर हमला कर पत्थरबाजी कर दी। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पेट्रोल बम भी फेंके। रात करीब 10 बजे आक्रोशित भीड़ ने पंकज गुप्ता के घर के बाहर खड़ी एक कार में आग लगा दी। पुलिस उपद्रवियों को चिह्नित करने में जुटी है। पुलिस ने हत्या के दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक साईंनगर निवासी पवन शाह (15) को उसके दोस्त सुधांशु गुप्ता और इरशाद खान शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले गए और गला दबाकर व पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पवन नौ मार्च से लापता था। बुधवार को उसका शव सूने घर में क्षत-विक्षत मिला, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बताया जाता है कि पवन आरोपितों के होली के दिन रंग लगाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी कारण रंजिशवश आरोपितों ने हत्या कर दी।
बालक की निर्मम हत्या की जानकारी जब परिजनों और मोहल्ले के लोगों को लगी, तो सभी लोग मोरवा थाने पहुंच गए। आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने और घर गिराने की मांग करते हुए हंगामा किया। गुस्साये लोगों ने पत्थरबाजी शुरु कर दी और पुलिस के वाहनों को निशाना बनाया। इसी बीच कुछ लोग मिर्ची पाउडर पुलिस कर्मियों पर फेंकने लगे, जिससे हालात और बेकाबू हो गए। बचाव में पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले फेंके गए।
काली पन्नी में बांधकर रखा था शव
आरोपियों ने शव को काली प्लास्टिक की पन्नी में बांधकर रखा गया था। रात के अंधेरे में शव को सूने घर से उठाकर जंगल में ले जाकर जला देते ताकि किसी को पता नहीं चलता, लेकिन आरोपियों को प्लान फेल हो गया और पुलिस ने शव की तलाश कर ली।
होली में रंग लगाने को लेकर हुआ था विवाद
होली पर्व के दिन 15 वर्षीय बालक पवन का विवाद इरशाद, सुधांशु गुप्ता और पंकज के साथ रंग लगाने को लेकर हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह समझौता हो गया था, लेकिन इरशाद के मन में गुस्सा बैठा था। इसी के चलते पवन को पार्टी करने के लिए बुलाया और मौका पाकर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें- इंसानियत शर्मसार… पेट्रोल के पैसे मांगे तो कार से 500 मीटर तक घसीटा, पंप कर्मचारी की दर्दनाक मौत
वहीं मृतक के स्वजन का कहना है कि विवाद रंग लगाने को लेकर नहीं हुआ था बल्कि इरशाद व उसके साथियों द्वारा होली वाले दिन मोहल्ले में अवैध रुप से शराब बेच रहे थे, उसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई थी। स्वजन का कहना है कि इरशाद अवैध रुप से शराब बिक्री करने वाली दुकान में काम करता था।
.