Last Updated:
इंदौर में पुलिस ने एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है. इस घटना के बाद अफसर ने पुलिस को पत्र लिखकर शिकायत की कि कुछ लोग उनके फार्म हाउस में अवैध रूप घुस गए.
IAS अधिकारी के फार्म हाउस में जुआ खेलते हुए पकड़े गए लोग
इंदौर में पुलिस ने एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा है. इस घटना के बाद अफसर ने पुलिस को पत्र लिखकर शिकायत की. उनकी तरफ से कहा गया कि कुछ लोग उनके फार्म हाउस में अवैध रूप से घुसकर आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे. जुआ कांड के बाद एक थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है. अब मामला सामने आने के बाद इलाके में जरूर चर्चा का विषय बना हुआ है.
बाहर से फॉर्म हाउस पर लगा था ताला
पुलिस की तरफ से बताया गया है कि मुखबिर की सूचना पर करीब 50 किलोमीटर दूर मानपुर थाना क्षेत्र के आवलीपुरा गांव में छापा मारा गया, जहां 18 लोग जुआ खेलते पकड़े गए और छह लोग भाग गए. आरोपियों के पास से ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन और करीब 13.68 लाख रुपए नकद मिले हैं. फार्म हाउस के गेट पर ताला लगा था और अंदर लोग जुआ खेल रहे थे. जुआरियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और जुआ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है.
IAS अधिकारी का है फार्म हाउस
मुख्य आरोपी जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा, फार्म हाउस के कर्मचारी रंजीत चौधरी और कुछ अन्य लोग फरार हैं. फार्म हाउस आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिवार का है. वैद्य फिलहाल राज्य सरकार के वित्त विकास निगम में प्रबंध संचालक हैं. पकड़े जाने के बाद वैद्य ने पुलिस को पत्र लिखकर कहा कि अज्ञात लोग उनके फार्म हाउस में अवैध रूप से घुसे और उन्हें शक है कि चोरी भी हुई है.
आईएएस अधिकारी वंदना वैद्य ने लिखा पत्र
वंदना वैद्य ने इन लोगों के खिलाफ अलग से केस दर्ज करने की मांग की है. पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि आईएएस अफसर के पत्र पर जांच होगी और पता लगाया जाएगा कि लोग फार्म हाउस में कैसे घुसे? जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी. मानपुर थाने के प्रभारी, बीट प्रभारी उप निरीक्षक और एक सहायक उप निरीक्षक को सस्पेंड कर दिया गया है.
.