कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक 6 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। एक 22 साल के युवक ने मासूम को बेर खिलाने का लालच देकर अपनी हवस का शिकार बनाया। 11 मार्च को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, यह वारदात पिछले शनिवार 7 मार्च की है। आरोपी अनिल केवट ने देखा कि बच्ची घर में अकेली है। उसने बच्ची को बेर खिलाने का झांसा दिया और उसे घर के पीछे एक सुनसान जगह पर ले गया। वहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की बर्बरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने बच्ची के पेट पर दांतों से काटकर उसे बुरी तरह घायल भी कर दिया। परिजन की शिकायत पर तुरंत एक्शन बच्ची ने जब रोते हुए अपने परिवार को पूरी बात बताई, तो परिजन उसे लेकर तुरंत बड़वारा थाने पहुंचे। पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया और दबिश देकर आरोपी अनिल केवट को गांव से ही दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. संतोष कुमार डेहरिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं। .