बड़वानी जिले के नरावला के पास बुधवार को एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते कार सवारों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के लिए राजपुर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। जानकारी के मुताबिक, एक महिंद्रा एक्सयूवी 300 कार पलसूद से राजपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही कार नरावला फाटा के पास पहुंची, ग्रामीणों ने उसमें से धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर कार रुकवाई। कार में तीन महिलाएं और एक पुरुष सवार थे, जिन्हें आनन-फानन में सुरक्षित बाहर निकाला गया। देखते ही देखते धूं-धूं कर जली कार सवारों के उतरते ही आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार लपटों से घिर गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर राजपुर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। कारण अब भी अज्ञात चलती गाड़ी में आग किन कारणों से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है कि कहीं शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से तो यह हादसा नहीं हुआ। .