पहले बताया प्रेगनेंट, फिर ट्यूमर, डॉक्टर की लापरवाही ने ली नाबालिग की जान

Last Updated:

Bhopal News: पिता ने आरोप लगाया कि हमीदिया अस्पताल प्रशासन ने उनकी बेटी के गर्भवती होने की जानकारी पुलिस को दी थी. पुलिस ने इसे रेप मानकर जांच शुरू कर दी थी. उनकी बेटी तनाव में थी. उसकी मानसिक स्थिति लगातार बिगड़ रही थी.

Zoom

इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई. (सांकेतिक तस्वीर)

भोपाल. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 12वीं की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. हमीदिया अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था. परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका आरोप है कि डॉक्टरों ने पहले उसे प्रेगनेंट बताकर इलाज किया. बाद में छात्रा के पेट में ट्यूमर बता दिया. सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार, मामला एमपी नगर थाना क्षेत्र का है. मृतका की उम्र 17 साल थी. वह शहर के एक प्राइवेट स्कूल में 12वीं की छात्रा थी. दो मार्च को एग्जाम देने के बाद वह घर लौटी. थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई. परिजन उसे फौरन अस्पताल लेकर भागे. पिता ने बताया कि हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने बेटी को दो माह की गर्भवती बताया. हालांकि सोनोग्राफी में स्पष्ट नहीं हुआ. जिसके बाद उसे सुल्तानिया अस्पताल की गायनेकोलॉजिस्ट के पास भेजा गया. जांच में ट्यूमर की पुष्टि हुई.

बेटी ने बात करना बंद किया
पिता ने बताया कि गर्भवती होने की बात सुनकर बेटी तनाव में आ गई थी. उसने हमसे बात करना बंद कर दिया था. ऐसे हालात में उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और सोमवार को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पिता का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने उनकी बेटी के गर्भवती होने की जानकारी पुलिस को दी थी. पुलिस ने रेप की घटना मानकर जांच शुरू कर दी थी. उनकी बेटी डिप्रेशन में जा रही थी. उसकी मानसिक स्थिति लगातार खराब हो रही थी. जब दूसरी सोनोग्राफी रिपोर्ट आई, जिसमें ट्यूमर के बारे में स्पष्ट हुआ, तब तक देर हो चुकी थी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एमपी नगर थाना प्रभारी जय हिंद शर्मा ने इस बारे में कहा कि प्रारंभिक बयान में परिजनों ने किसी तरह के आरोप नहीं लगाए हैं. फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है. परिजनों की डिटेल स्टेटमेंट लिए जाएंगे. जिसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *