खंडवा में पथराव और लाठीचार्ज के बाद कार्रवाई: आरोपी प्रभाकर शिंदे पर NSA, कलेक्टर के आदेश पर जेल भेजा – Khandwa News


खंडवा में हाल ही में हुए पथराव और पुलिस लाठीचार्ज की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगा दिया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता के आदेश पर आरोपी प्रभाकर उर्फ प्रभु शिंदे (41) निवासी बंजारा कॉलोनी, सिंघाड़ तलाई, थाना मोघट रोड को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 के तहत निरुद्ध कर जिला जेल खंडवा भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन के अनुसार आरोपी ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से समुदाय विशेष की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के उद्देश्य से विवादित पोस्ट शेयर की थी। इसके बाद शहर में तनाव का माहौल बन गया था। इसी मामले को लेकर शहर में कुछ दिन पहले विरोध प्रदर्शन के दौरान पथराव की स्थिति बन गई थी। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। घटना के बाद पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, पथराव और अन्य धाराओं में 22 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। प्रशासन का कहना है कि आरोपी की गतिविधियों से जिले में कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। इसलिए उसे राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत जिला जेल में निरुद्ध रखने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *