MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
मध्य प्रदेश में आज डॉक्टरों की हड़ताल, 8 हजार रेजिडेंट डॉक्टर काम से दूर
मध्य प्रदेश में आज स्वास्थ्य व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं. प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 8 हजार रेजिडेंट डॉक्टर, सीनियर रेजिडेंट और इंटर्न हड़ताल पर चले गए हैं. हड़ताल के कारण ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी और सामान्य ऑपरेशन भी नहीं किए जाएंगे. डॉक्टरों ने साफ कहा है कि वे केवल अति गंभीर मरीजों का ही इलाज करेंगे. दरअसल रेजिडेंट डॉक्टरों का कहना है कि उनका स्टाइपेंड संशोधन आदेश 1 अप्रैल 2025 से लागू होना था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया. कई बार शासन से मांग करने के बावजूद समाधान नहीं निकला, जिससे नाराज होकर डॉक्टरों ने विरोध शुरू कर दिया है.
सीएम मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर, रानीताल में कार्यक्रम में होंगे शामिल
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:45 बजे भोपाल से विमान द्वारा रवाना होकर डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे दोपहर 12:10 बजे रानीताल पहुंचकर वहां आयोजित स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे और स्थानीय लोगों से भी मुलाकात करेंगे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:20 बजे वापस डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे. इसके बाद वे दोपहर 2:30 बजे विमान से भोपाल के लिए रवाना हो जाएंगे. उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
जबलपुर में BJP का पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान, सीएम मोहन यादव होंगे शामिल
जबलपुर में बीजेपी का पंडित दीनदयाल महाप्रशिक्षण अभियान आयोजित किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी शामिल होंगे. इससे पहले इसी अभियान की कार्यशाला भोपाल में आयोजित हो चुकी है. जबलपुर में होने वाली इस कार्यशाला में जबलपुर, छिंदवाड़ा, रीवा और शहडोल संभाग के 19 जिलों के विषय वक्ता और प्रशिक्षक हिस्सा लेंगे. कार्यक्रम में प्रदेश पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, सोशल मीडिया और आईटी विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे. सभी जिलों से दो-दो प्रशिक्षकों को बुलाया गया है. 24 घंटे के प्रशिक्षण सत्र में एआई, सोशल मीडिया, नमो ऐप और संगठन ऐप के उपयोग पर खास फोकस रहेगा.
.