जगद्गुरु रामभद्राचार्य रंग पंचमी के अवसर पर ओरछा पहुंचे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध रामराजा सरकार मंदिर में पूजा-अर्चना की। सुबह करीब 10 बजे जगद्गुरु मंदिर पहुंचे और लगभग आधे घंटे तक विधि-विधान से भगवान रामराजा सरकार की आराधना की। जगद्गुरु के आगमन की सूचना पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हो गए। भक्तों ने उनसे आशीर्वाद लिया। कई श्रद्धालु अपनी व्यक्तिगत समस्याओं को लेकर भी उनके पास पहुंचे। जगद्गुरु ने सभी की बातें सुनीं और उन्हें धैर्य रखने तथा समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। रामराजा सरकार के दरबार से बाहर निकलते समय एक महिला भक्त ने जगद्गुरु के चरण स्पर्श करने की जिद की। जगद्गुरु ने उसकी भावना का सम्मान करते हुए उसे चरण स्पर्श करने की अनुमति दी। चरण स्पर्श के बाद महिला भक्त भावुक हो गई। इस दौरान उनके शिष्य और भक्त मंडल भी मंदिर परिसर में मौजूद थे। पूजा-अर्चना के उपरांत जगद्गुरु रामभद्राचार्य मऊरानीपुर के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन से मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण निर्मित हुआ। मीडिया द्वारा पूछे गए सवालों पर उन्होंने बातचीत करने से इनकार कर दिया। .