खरगोन में शनिवार को पुलिस विभाग ने जिला पुलिस लाइन में होली का पर्व मनाया। रंगपंचमी से पहले मनाए गए इस उत्सव में पुलिसकर्मियों ने आदिवासी और गणगौर गीतों पर नृत्य किया। कलेक्टर भव्या मित्तल और निमाड़ रेंज डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी इस कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में एसपी रवींद्र वर्मा, अपर कलेक्टर रेखा राठौड़, एडिशनल एसपी बिट्टू सहगल, शकुंतला रुहल, जिलेभर के एसडीओपी और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर बधाई दी। होली सूखे और हर्बल रंगों से खेली गई, जिसमें पुलिसकर्मी और उनके परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने की सलाह
कलेक्टर भव्या मित्तल ने इस अवसर पर कहा कि अब तक सभी त्योहार अच्छे से मनाए गए हैं और उम्मीद है कि आगे भी इसी तरह मनाए जाएंगे। डीआईजी सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुलिस की ड्यूटी कठिन होती है, इसलिए अवकाश के बाद आज वे रिलैक्स महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कल वे रंगपंचमी की ड्यूटी पर रहेंगे। एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि रंगपंचमी के त्योहार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अतिरिक्त पुलिस बल मिला है जिसे थानों में वितरित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि रंगपंचमी के अलावा रामनवमी और गणगौर जैसे बड़े त्योहार भी आने वाले हैं, जिन्हें भी अच्छे से मनाया जाएगा।