सागर के नरयावली रोड पर जेरई के पास स्थित ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 11 मार्च को सागर आएंगे। वे करीब 12.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार भी शामिल होंगे। सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के साथ विश्वविद्यालय और रोजगार मेले के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हेलीपैड, मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन मार्ग समेत अन्य व्यवस्थाओं को जायजा लिया। तैयारियां जल्द पूरे करने के निर्देश दिए गए। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी सागर जिले और आसपास के क्षेत्रों के लिए विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र बेहतर सुविधा देगी। अब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। बल्कि उन्हें आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सागर में ही उपलब्ध हो सकेगी। प्रतिवर्ष रोजगार मेले और प्लेसमेंट के माध्यम से युवाओं का रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार की उपस्थिति में यूनिवर्सिटी और रोजगार मेले का शुभारंभ होगा। मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथि दोपहर करीब 12.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। इस दौरान कलेक्टर संदीप जीआर, एसडीएम अमन मिश्रा, ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति आदित्य सिंह राजपूत समेत अन्य मौजूद थे। .