How to boost your immunity after Holi : होली के जश्न में अक्सर हम लंबे समय तक बाहर रहते हैं, रंग और धूल के संपर्क में आते हैं, ज्यादा खाते-पीते हैं और हमारी दिनचर्या भी बिगड़ जाती है. ये सब मिलकर शरीर को थका हुआ, डिहाइड्रेटेड या मौसम बदलने पर होने वाली बीमारियों के लिए कमजोर बना सकते हैं. सर्दी से बसंत में बदलाव के दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव और एलर्जी भी इम्युनिटी पर असर डालते हैं. ऐसे में त्योहार के बाद शरीर की रिकवरी और इम्युनिटी पर ध्यान देना जरूरी है, ताकि गला खराब होना, खांसी, थकान या एलर्जी जैसी आम दिक्कतों से बचा जा सके. डॉ. विनीत अरोड़ा के मुताबिक, मौसम बदलने और होली के रंगों का असर शरीर पर ज्यादा दबाव डाल सकता है. पानी, धूप और केमिकल रंगों के कारण इम्युनिटी कमजोर हो सकती है और थकान महसूस हो सकती है. पोषण भी रिकवरी में अहम भूमिका निभाता है.
अंशुल सिंह बताती हैं कि त्योहार और मौसम बदलने से धूल, प्रदूषण, नींद की कमी और भारी खाने से इम्युनिटी कमजोर हो सकती है और खांसी, जुकाम या पेट की दिक्कतें बढ़ सकती हैं. सबसे पहले, अच्छी नींद और आराम को प्राथमिकता दें. त्योहार के दौरान नींद का शेड्यूल बिगड़ जाता है, जिससे शरीर थक जाता है. डॉ. अरोड़ा कहते हैं कि अच्छी नींद से शरीर जल्दी रिकवर करता है. सात से आठ घंटे की नींद लेने की कोशिश करें. होली के बाद हाइड्रेशन बहुत जरूरी है.
करें ये काम
धूप में या पानी से खेलने के बाद शरीर में पानी की कमी हो जाती है. रोजाना 2.5 से 3 लीटर पानी पिएं. नारियल पानी और नींबू पानी से इलेक्ट्रोलाइट्स भी मिलते हैं. इम्युनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन सी वाले फल जैसे संतरा, अमरूद, आंवला और हरी सब्जियां, गाजर, चुकंदर खाएं. जिंक वाले फूड्स जैसे कद्दू के बीज, दालें, चने और मेवे भी फायदेमंद हैं. हल्दी वाला दूध या अदरक-शहद की चाय गले की सूजन और इन्फ्लेमेशन में राहत देती है. अदरक, हल्दी और लहसुन को खाने में शामिल करें, ये इम्युनिटी को मजबूत करते हैं. पेट की सेहत के लिए दही या छाछ जैसे प्रोबायोटिक फूड्स लें. इससे पाचन तंत्र और इम्युनिटी दोनों मजबूत होते हैं. होली के रंगों और धूल से सांस की दिक्कत हो सकती है, इसलिए गुनगुने पानी से गरारे करें और भाप लें. इससे गले और नाक की सफाई होती है. होली के रंग, खासकर केमिकल वाले, त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
इन आसान आदतों को अपनाएं
खेलने से पहले नारियल या सरसों का तेल लगाएं और बाद में एलोवेरा जेल से त्वचा को शांत करें. होली के बाद रिकवरी भी उतनी ही जरूरी है जितना त्योहार मनाना. सही नींद, पानी, पौष्टिक खाना और हल्की देखभाल से शरीर जल्दी ताकत पाता है और इम्युनिटी बनी रहती है. इन आसान आदतों से आप त्योहार का मजा भी ले सकते हैं और सेहत का ध्यान भी रख सकते हैं.
Disclaimer : इस खबर में दी गई जानकारी और सलाह एक्सपर्ट्स से बातचीत पर आधारित है. यह सामान्य जानकारी है, पर्सनल सलाह नहीं. इसलिए किसी भी सलाह को अपनाने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें. किसी भी नुकसान के लिए News-18 जिम्मेदार नहीं होगा.