बड़वानी जिले के पलसूद नगर के पास स्थित ग्राम चिखलिया में एक चलती बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई। इस घटना से हड़कंप मच गया, हालांकि बड़ा हादसा टल गया और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। यह घटना चिखलिया चर्च के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन सड़क पर सामान्य रूप से चल रहा था तभी इंजन की ओर से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग तेजी से भड़क गई। चालक ने गाड़ी रोककर सभी को बाहर निकाला चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत गाड़ी रोक दी, जिससे उसमें सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पानी और रेत की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। वाहन क्षतिग्रस्त, स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाया स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण कुछ ही समय में आग पर नियंत्रण पा लिया गया। आग लगने का संभावित कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन वाहन को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। .