सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र के बारापत्थर गांव में पैरोल से फरार एक सजायाफ्ता बदमाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने मृतक के बेटे पर भी फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस के अनुसार बारापत्थर निवासी हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव पर हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह दिसंबर 2025 में एक महीने की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन तय अवधि पूरी होने के बाद भी वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। पुलिस तभी से उसकी तलाश कर रही थी। भाई से विवाद के बाद रची हत्या की साजिश
बताया गया कि बुधवार शाम को चंदन का छोटा भाई शरद यादव गांव में लोगों से बेवजह गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान मोहल्ले के अभय उर्फ बब्लू यादव (50) ने उसे डांटते हुए दो थप्पड़ मार दिए। इस बात से नाराज शरद ने फरार चल रहे अपने भाई चंदन यादव को फोन कर घटना की जानकारी दी और बदला लेने के लिए उकसाया। घर की छत पर टहल रहे अधेड़ को मारी गोलियां
गुरुवार रात करीब 9:30 बजे चंदन यादव अपने लगभग आधा दर्जन साथियों के साथ एक वाहन से बारापत्थर गांव पहुंचा। उस समय अभय उर्फ बब्लू यादव अपने घर की छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान चंदन ने पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी में अभय यादव को कुल 5 गोलियां लगीं— बेटे पर भी की फायरिंग, पैर में लगी दो गोलियां
वारदात के बाद आरोपी गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मृतक के बेटे राणा यादव (25) की किराना दुकान पर पहुंच गए। यहां भी आरोपियों ने हत्या के इरादे से कई राउंड फायर किए। जान बचाने के लिए राणा दुकान छोड़कर भागा, लेकिन उसके दाहिने पैर में दो गोलियां लग गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से सतना रेफर
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। नागौद थाना प्रभारी अशोक पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। मृतक अभय यादव और घायल राणा को सिविल अस्पताल नागौद ले जाया गया। जांच के बाद अभय यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया, जबकि राणा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
सनसनीखेज वारदात के बाद नागौद समेत आसपास के थानों की पुलिस हिस्ट्रीशीटर चंदन यादव और उसके साथियों की तलाश में जुट गई है। गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मृतक अभय उर्फ बब्लू यादव के खिलाफ भी हत्या के दो मामलों समेत कई अपराध दर्ज थे और वह पहले जेल जा चुका था। .