मानपुर फेस-1 में बने प्रधानमंत्री आवास योजना के फ्लैट्स में आए दिन कोई न कोई समस्या सामने आ रही है। यहां होली के दौरान ब्लॉक ई-52 के टैंक में 5 मरी छिपकली निकलने से सनसनी फैल गई। यहां बने 42 फ्लैट के लोग इसी टैंक से पीने का पानी भी उपयोग करते हैं। दो दिन में मरी हुई पांच छिपकलियां निकलने से फ्लैट्स में रहने वाले लोगे आक्रोशित हैं। पीएम आवास में रहने वाले विकास तोमर का कहना है कि 2 साल से फ्लैट्स में लोग रह रहे हैं, लेकिन छत पर बने पानी के टैंक की सफाई नगर निगम ने आज तक नहीं कराई। पिछले दिनों समस्याओं को लेकर नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात की थी। उन्होंने समस्या निराकरण का सिर्फ आश्वासन दिया है। अभी तक स्थानीय लोग साफ-सफाई और सुरक्षा को लेकर जूझ रहे थे। क्योंकि जिस ठेकेदार को काम दिया है। वह सुनवाई नहीं करता। सुरक्षा गार्ड भी 5 के स्थान पर दो रहते हैं। इसलिए आए दिन यहां चोरी होती हैं। .