सिंगरौली जिले में खुटार बाजार की पोखरा गली के पास बुधवार दोपहर को सरेराह चाकूबाजी हुई। बाइक आपस में टकराने के बाद दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामूली टक्कर के बाद चले चाकू प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक टकराने के बाद आरोपी रुद्र प्रताप सिंह गहरवार और अखिलेश शाह का विवाद स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार शाह, धर्मेंद्र कुमार शाह और विकेश कुमार शाह से हो गया। बहस के दौरान गुस्साए आरोपियों ने धारदार हथियार से तीनों युवकों पर हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में तीनों युवक लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल बाजार में हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत बीच-बचाव किया और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही खुटार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों हमलावरों को दबोच लिया। खुटार चौकी प्रभारी शीतला यादव ने बताया बाइक टकराने की छोटी सी बात पर यह पूरा विवाद हुआ था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। .