पूजा के बचे नारियल नहीं होंगे बेकार, घर पर बनाएं शुद्ध नारियल तेल वो भी मिक्सी में

Homemade Coconut Oil Recipe: घर में पूजा, त्योहार या किसी खास मौके के बाद अक्सर कई नारियल जमा हो जाते हैं. कुछ दिन तक तो उनका इस्तेमाल हो जाता है, लेकिन कई बार सूखे नारियल ऐसे ही पड़े रह जाते हैं और धीरे-धीरे बेकार हो जाते हैं, अगर आपके घर में भी सूखे नारियल पड़े हैं और आप उन्हें खाना पसंद नहीं करते, तो उन्हें फेंकने की बजाय एक काम की चीज में बदल सकते हैं-शुद्ध घर का बना नारियल तेल. आजकल बाजार में मिलने वाले नारियल तेल की शुद्धता को लेकर लोगों के मन में संदेह रहता है. ऐसे में घर पर बना तेल ज्यादा भरोसेमंद और सुरक्षित लगता है.

अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए किसी बड़ी मशीन या खास साधन की जरूरत नहीं होती. सिर्फ मिक्सी, पानी और थोड़ा धैर्य चाहिए. घर का बना नारियल तेल महक में हल्का, रंग में साफ और इस्तेमाल में बेहद असरदार होता है. इसे बालों में लगाने से चमक बढ़ती है, त्वचा पर लगाने से नमी बनी रहती है और चाहें तो खाना बनाने में भी लिया जा सकता है. इस तरह सूखे नारियल का पूरा उपयोग हो जाता है और घर में एकदम शुद्ध तेल तैयार हो जाता है.

घर पर नारियल तेल बनाने की आसान तैयारी
सबसे पहले जितने भी सूखे नारियल हैं, उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें. कोशिश करें कि टुकड़े बहुत बड़े न रहें, ताकि पीसने में आसानी हो. अब इन टुकड़ों को करीब 2 घंटे पानी में भिगो दें. इससे नारियल थोड़ा नरम हो जाता है और मिक्सी में जल्दी बारीक पिस जाता है.

मिक्सी में नारियल पीसने का सही तरीका
-अब लगभग 1 कप कटे नारियल के टुकड़े लें और उसमें उतना ही पानी डालें. मिक्सी को लगातार चलाते हुए नारियल को पूरी तरह बारीक पीस लें. लक्ष्य यह रखें कि पेस्ट बिल्कुल चिकना बने, ताकि ज्यादा दूध निकल सके.

-अब एक साफ सूती या मलमल का कपड़ा लें. पिसा हुआ नारियल उसमें डालें और कसकर निचोड़ें. इससे नारियल का गाढ़ा दूध निकल जाएगा. यही प्रक्रिया बार-बार दोहराते रहें जब तक सारा नारियल इस्तेमाल न हो जाए.

-जो बुरादा बचता है, उसे फेंकें नहीं. इसे सुखाकर नारियल पाउडर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं. मिठाई, चटनी या सूखी सब्जी में यह काम आता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

नारियल के दूध से तेल निकालने की प्रक्रिया
-अब जो नारियल का दूध निकला है, उसे ढककर 12–15 घंटे या पूरी रात फ्रिज में रख दें. कुछ समय बाद आप देखेंगे कि ऊपर गाढ़ी मलाई जम गई है और नीचे पतला पानी अलग हो गया है.

-अब इस जमी हुई मलाई को चम्मच से निकालकर भारी तले की कढ़ाई में डालें और गैस पर रखें. आंच मध्यम रखें और धीरे-धीरे पकने दें. यह प्रक्रिया बिल्कुल दूध की मलाई से घी निकालने जैसी होती है.

-लगभग 45 मिनट से 1 घंटे में मलाई से तेल अलग होने लगेगा. आप देखेंगे कि हल्का भूरा अवशेष नीचे बैठ गया है और ऊपर साफ तेल दिखने लगेगा.

-अब गैस बंद करें और तेल को थोड़ा ठंडा होने दें. फिर इसे मलमल या सूती कपड़े से छान लें. इससे सारा अवशेष अलग हो जाएगा और एकदम साफ, सुगंधित नारियल तेल मिल जाएगा.

कितना तेल निकलेगा और कैसे रखें
लगभग 4 मध्यम आकार के सूखे नारियल से करीब 300–400 ग्राम तक शुद्ध नारियल तेल निकल आता है. यह मात्रा नारियल की गुणवत्ता पर निर्भर करती है. तैयार तेल को हमेशा साफ और सूखी कांच की बोतल या स्टील के डिब्बे में रखें. नमी या पानी न जाए, इसका ध्यान रखें. सही तरीके से रखा गया घर का बना नारियल तेल कई महीनों तक खराब नहीं होता.

घर के नारियल तेल के फायदे
घर का बना नारियल तेल बिना मिलावट का होता है, इसलिए यह त्वचा और बालों के लिए ज्यादा अच्छा माना जाता है. बालों में लगाने से जड़ें मजबूत होती हैं और चमक बढ़ती है. त्वचा पर लगाने से सूखापन कम होता है. हल्की मालिश में इस्तेमाल किया जा सकता है.
चाहें तो खाने में भी लिया जा सकता है.सबसे खास बात यह है कि इसकी खुशबू प्राकृतिक और ताजगी भरी होती है, जो बाजार के तेल में अक्सर नहीं मिलती.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *