आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम का काफी निराशाजनक प्रदर्शन रहा था. आईसीसी टूर्नामेंट में एक बार फिर खराब प्रदर्शन करने के बाद पाकिस्तानी टीम के सभी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया है. पाकिस्तान लगातार चौथी बार विश्व स्तरीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाया है. इस बार के टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 से पाकिस्तान के बाहर होने के बाद कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने खिलाड़ियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम के सभी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया है.
पीसीबी ने खिलाड़ियों पर लगाया 50 लाख का जुर्माना
पीसीबी ने पाकिस्तानी टीम के सभी खिलाड़ियों पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. ये जुर्माना अनुशासनहीनता के लिए नहीं, बल्कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खराब प्रदर्शन के लिए पीसीबी ने लगाया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये जुर्माना भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में 61 रन के बड़े अंतर से हारने के बाद लगाया गया था. पीसीबी के द्वारा ये शर्त थी कि अगर पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल में पहुंचती है, तो ये जुर्माना माफ कर दिया जाएगा.
शहीद अफरीदी ने खिलाड़ियों पर लगे जुर्माना पर दिया बयान
पाकिस्तान के दिग्गज ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने समा टीवी से बात करते हुए कहा कि वे मीडिया रिपोर्ट्स से हैरान हैं. इसलिए नहीं कि खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया है, बल्कि इसलिए कि उन्हें ये काफी हल्की सजा मिली है. उन्होंने कहा, ‘ये फैसला समझ से बाहर है. ये बहुत छोटी सोच है. ये बहुत कम रकम है. 50 लाख में क्या हो जाएगा? ये तो जुर्माना जैसा भी नहीं लगता.’
पाकिस्तानी टीम से कुछ खिलाड़ियों को दो साल के लिए करो बाहर
शाहिद अफरीदी ने और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा, ‘जिन खिलाड़ियों ने प्रदर्शन नहीं किया, उन्हें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भेजो. कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्हें कम से कम दो साल तक पाकिस्तानी टीम में नहीं होना चाहिए. बस बहुत हो गया.’ हालांकि, सभी खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया है, लेकिन पाकिस्तान के लिए इस टूर्नामेंट में एक खिलाड़ी शाहिदजादा फरहान ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सात मैचों में दो शतक लगाए.
.