जावरा हुसैन टेकरी में आज बंटेगा विशेष लोबान: होली की रात उमड़ेंगे हिंदू-मुस्लिम श्रद्धालु; 500 जवान तैनात, 4 सेक्टर में बंटी व्यवस्था – Ratlam News


रतलाम जिले के जावरा स्थित प्रसिद्ध मुस्लिम धार्मिक स्थल हुसैन टेकरी में होली की रात (मंगलवार, 3 मार्च) विशेष लोबान वितरण का आयोजन किया जा रहा है। रात 11 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में हिंदू श्रद्धालु भी पहुंचते हैं। भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने टेकरी परिसर को 4 सेक्टरों में बांटा है और 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। लोबान वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से लोगों के आने का सिलसिला दो दिन पहले ही शुरू हो गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को 4 मुख्य सेक्टरों में विभाजित किया है, जहां से होकर ही श्रद्धालुओं को गुजरना होगा। आयोजन स्थल पर असामाजिक तत्वों और हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। होलिका दहन और चेहल्लुम पर होता है बुरी शक्तियों का खात्मा
हुसैन टेकरी को लेकर यह गहरी मान्यता है कि यहां साल में दो बार—एक चेहल्लुम पर और दूसरा होलिका दहन वाले दिन- शैतानी शक्तियों और प्रेतात्माओं का खात्मा होता है। कहा जाता है कि होलिका दहन की रात यहां एक चमत्कारी रोशनी दिखाई देती है, जिसके प्रभाव से जादू-टोने और बुरी ताकतों से पीड़ित लोग पूरी तरह स्वस्थ हो जाते हैं। पुराने पेड़ पर कील ठोककर नष्ट की जाती हैं रूहानी ताकतें
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, जिन लोगों को अपने शरीर से रूहानी ताकत या प्रेतबाधा के निकल जाने का अहसास होता है, वे टेकरी परिसर में मौजूद एक पुराने पेड़ पर कील ठोककर उस बुरी शक्ति को हमेशा के लिए नष्ट कर देते हैं। इसी चमत्कारी रोशनी के दर्शन और सालों पुरानी परंपरा का निर्वहन करने के लिए हजारों की संख्या में लोग यहां जुटते हैं। SP ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा, दिए सख्त निर्देश
आयोजन की भव्यता और संवेदनशीलता को देखते हुए रतलाम एसपी अमित कुमार ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चेहल्लुम की तर्ज पर ही यहां लोबान वितरण का यह बड़ा कार्यक्रम होता है, जिसके लिए 500 से अधिक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं और मातहत अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *