MP Breaking News: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
बैतूल में भीषण हादसा: खड़ी क्रेन से टकराई कार, 3 युवकों की मौत, 2 घायल
बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र में इटारसी रोड स्थित बसंत पेट्रोल पंप के पास देर रात करीब 3 से 4 बजे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है. मृतकों के शव जिला अस्पताल की मर्चुरी में रखवाए गए हैं. युवक कहां जा रहे थे, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
होली पर सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा! महंगाई भत्ता 58% हुआ, एरियर भी किस्तों में मिलेगा
मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए होली से पहले बड़ी खुशखबरी आई है. मुख्यमंत्री डॉ. Mohan Yadav ने राज्य के शासकीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है. इस बढ़ोतरी के बाद अब कर्मचारियों को 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा. सरकार के इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधा फायदा होगा. सरकार ने साफ किया है कि जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की एरियर राशि मई 2026 से शुरू होकर 6 समान किस्तों में दी जाएगी. यानी कर्मचारियों को बढ़े हुए भत्ते का बकाया भी चरणबद्ध तरीके से मिलेगा. सिर्फ कर्मचारी ही नहीं, बल्कि पेंशनर्स को भी इसका लाभ मिलेगा. जनवरी से फरवरी 2026 की पेंशन में 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता जोड़ा जाएगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों का हित सर्वोपरि है. इस घोषणा से होली का त्योहार सरकारी कर्मचारियों के लिए और भी खास हो गया है.
भोपाल: पूर्व IAS नियाज खान का बयान ‘खामनेई को मरवाने में सऊदी अरब का हाथ, इस्लाम का एक ही शेर ईरान’
भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और उपन्यासकार Niyaz Khan ने ईरान पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है. उन्होंने Israel और United States पर ईरान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने का आरोप लगाया. ईरान के सुप्रीम लीडर Ayatollah Ali Khamenei की मौत को लेकर नियाज खान ने विवादित बयान देते हुए कहा कि “खामनेई को मरवाने में Saudi Arabia का हाथ है.” हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत नहीं किए. नियाज खान ने आगे कहा कि “इस्लामिक देशों में अगर कोई मजबूत और मुखर देश है तो वह Iran है. ईरान इस्लाम का शेर है और उसने हमेशा पश्चिमी दबाव का सामना किया है.” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है. जहां कुछ लोग उनके बयान का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कई लोग इसे गंभीर आरोप मानते हुए संयम बरतने की बात कह रहे हैं.
इंदौर में बड़ा हादसा: सीवर लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस से दो सफाईकर्मियों की मौत
मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया. चोइथराम मंडी गेट के पास सीवर लाइन की सफाई के दौरान जहरीली गैस के संपर्क में आने से नगर निगम के दो सफाई कर्मचारियों की मौत हो गई. वहीं दो अन्य कर्मचारी बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. जानकारी के मुताबिक सफाईकर्मी सीवर चैंबर के अंदर उतरकर सफाई का काम कर रहे थे, तभी अचानक जहरीली गैस फैल गई. गैस का असर इतना तेज था कि दो कर्मचारियों की मौके पर ही हालत बिगड़ गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और अन्य कर्मचारियों को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए. पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है. प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि सीवर के अंदर जमा जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ.
बुरहानपुर में शोक की लहर: अयातुल्लाह अली खामेनेई के निधन की खबर पर नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि
ईरान के सर्वोच्च नेता Ayatollah Ali Khamenei के निधन की खबर सामने आने के बाद बुरहानपुर में शोक की लहर फैल गई. शहर का माहौल गमगीन हो गया और मुस्लिम समाज के लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया. शिया और सुन्नी मुस्लिम समुदाय एक मंच पर नजर आए. लोगों ने हाथों में खामेनेई की तस्वीरें लेकर नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. शहर की कई मस्जिदों में विशेष दुआओं का आयोजन किया गया और खामोशी के बीच शोक संदेश पढ़ा गया. सभा के दौरान शिया समाज के इमाम मोहम्मद हसन ने अपने संबोधन में तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम पर नाराजगी जताई और समुदाय से एकजुट रहने की अपील की. समुदाय के लोगों ने इसे “उम्मत का बड़ा नुकसान” बताया. वक्ताओं ने कहा कि यह समय धैर्य और सब्र का है, लेकिन भावनाओं में आक्रोश भी साफ दिखाई दिया. पूरे आयोजन के दौरान पुलिस और प्रशासन की नजर बनी रही, जबकि लोगों ने शांति और एकता बनाए रखने की अपील भी की.
दतिया पहुंचे मनीष सिसोदिया, पीतांबरा पीठ में किए दर्शन; बोले मां की कृपा से नाकाम हुईं साजिशें
दतिया में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया पहुंचे. उन्होंने प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मां के दर्शन किए. इसके बाद वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक कर आशीर्वाद लिया. मीडिया से बातचीत में सिसोदिया ने कहा कि मां की कृपा से उनके खिलाफ रची गई सभी साजिशें नाकाम हुईं. उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच की जीत हुई है. उनके दौरे को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला.
भोपाल में 1500 जगहों पर होलिका दहन, 4 मार्च को रंगों की धूम; 2000 पुलिसकर्मी और ड्रोन से कड़ी निगरानी
भोपाल में आज करीब 1500 स्थानों पर होलिका दहन के साथ रंगोत्सव की शुरुआत हो रही है. चंद्र ग्रहण के कारण अधिकांश जगहों पर आज रंग खेलने का कार्यक्रम नहीं रखा गया है. शहर में रंग-गुलाल के साथ होली 4 मार्च को मनाई जाएगी. अलग-अलग इलाकों से भव्य चल समारोह निकलेंगे, जिनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे. सुरक्षा के लिए 2 हजार से ज्यादा पुलिस बल तैनात किया गया है. हर प्रमुख चौराहे पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है. शहरभर में चेक पॉइंट बनाकर सघन चेकिंग अभियान चल रहा है. हुड़दंग करने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी.
.