MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मार्च की शुरुआत होते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. राजधानी भोपाल हो या इंदौर, हर तरफ दिन में अब धूप चुभने लगी है. पिछले 24 घंटों की बात करें तो मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहा. बादलों का नामोनिशान नहीं, ऊपर से तेज धूप नतीजा, दोपहर में बाहर निकलना थोड़ा मुश्किल होने लगा है.
खरगोन, खंडवा और खजुराहो जैसे इलाकों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है. खासतौर पर खरगोन में 35.2°C दर्ज किया गया, जो फिलहाल प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा.
कहां कितनी रही गर्मी और ठंड?
अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो कटनी के करौंदी में पारा 10.3°C तक गिरा, जो सबसे कम रहा. वहीं शहडोल के कल्याणपुर और राजगढ़ में 12.4°C, सतना के चित्रकूट में 12.6°C, पचमढ़ी और मंदसौर में 12.8°C और इंदौर में 13.4°C दर्ज किया गया.
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में न्यूनतम तापमान 15°C, जबलपुर में 16.4°C और ग्वालियर में 15.4°C रहा. अधिकतम तापमान भोपाल में 32.8°C, इंदौर में 33.6°C, जबलपुर में 33.3°C, ग्वालियर में 33.8°C और उज्जैन में 33.7°C दर्ज किया गया. रातें अभी भी हल्की ठंडी और सुकून देने वाली हैं, लेकिन दिन में गर्मी साफ महसूस हो रही है.
मौसम विभाग की क्या है चेतावनी?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों में तापमान 2 से 3 डिग्री और बढ़ सकता है. यानी कई शहरों में पारा 36 से 37 डिग्री तक जा सकता है. पश्चिम दिशा से 8-10 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो नमी को कम करेंगी और सूखी गर्मी का एहसास बढ़ाएंगी.
हालांकि 4 मार्च की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है. इसके असर से 5 और 6 मार्च को कुछ जिलों में बादल छा सकते हैं और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है. अगर ऐसा होता है तो होली से पहले लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है.
होली पर बारिश या तपती धूप?
फिलहाल अगले 24 घंटे में बारिश की कोई खास संभावना नहीं है. तेज धूप लोगों को परेशान जरूर करेगी. लेकिन अगर पश्चिमी विक्षोभ असर दिखाता है, तो होली का रंग हल्की फुहारों के साथ भी खेला जा सकता है.
.