Sunil Gavaskar and Ravi Shastri Angry On T20 WC: टी20 वर्ल्ड कप 2026 (T20 World Cup 2026) में बीते रविवार भारत और वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का मुकाबला खेला गया. मैच में टीम इंडिया ने जीत हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बनाई. वहीं मुकाबले के बीच टीम इंडिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) और रवि शास्त्री (Ravi Shastri) ने टी20 विश्व कप के एक इंतजाम पर गंभीर सवाल खड़ा कर दिया.
बता दें कि मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया था, जहां रन चेज में टीम इंडिया ने पॉवरप्ले समाप्त होने तक 53/2 रन बना लिए थे. पॉवरप्ले खत्म होने के बाद निर्धारित ब्रेक लिया गया. तीन मिनट के अंतराल के दौरान स्टेडियम की लाइट धीमी करके लेजर शो का आयोजन किया गया, जिस पर गावस्कर और शास्त्री बुरी तरह भड़क गए. दोनों ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि इससे बल्लेबाजों का ध्यान और नजर भटक सकती है.
कॉमेंट्री के दौरान बोले गावस्कर
कॉमेंट्री के दौरान सुनील गावस्कर ने कहा, “ड्रिंक्स ब्रेक के ढाई या तीन मिनट के दौरान लेजर शो… यह बल्लेबाजों के लिए, या किसी के लिए भी आसान नहीं होता है. आंखों को लाइट की आदत डालने के लिए, तेज रोशनी में दोबारा सहज महसूस करने के लिए, आपके चारों ओर अंधेरा है.”
आईपीएल में ठीक है
रवि शास्त्री ने भी लेजर शो पर सवाल खड़ा करते हुए कहा, “लेजर लाइट चल रही है. यह वर्ल्ड कप है. ढाई मिनट के लिए आपको इस तरह का एंटरटेनमेंट चाहिए? आईपीएल में, आईपीएल के बीच में यह ठीक है. आईपीएल के नॉकआउट में नहीं. लेकिन यहां इस मोमेंट पर, वर्ल्ड कप में, क्या हमें ड्रिंक्स ब्रेक में लेजर शो की जरूरत है? खिलाड़ियों के नजरिए से, दोबारा नॉर्मल होना आसान नहीं. यह सीरियस चीज है.”
वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
बात करें मुकाबले की, तो पहले बैटिंग करते हुए वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 195/4 रन बोर्ड पर लगाए. फिर रन चेज के लिए उतरी टीम इंडिया ने 19.2 ओवर में 5 विकेट से जीत हासिल करके सेमीफाइनल में कदम रख दिया. सेमीफाइनल में भारत की भिड़ंत इंग्लैंड से होगी.
.