सतना में आधे पार्क पर नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री का कब्जा, तारबंदी कर जड़ दिया ताला

नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री पर नगरों के अतिक्रमण हटवाकर सौंदर्यीकरण का जिम्मा होता है, लेकिन ताज्जुब की बात है कि उन्होंने अपने घर के पास ही एक पार्क पर …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 01 Mar 2026 12:02:33 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Mar 2026 12:04:57 PM (IST)

सतना में आधे पार्क पर नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री का कब्जा, तारबंदी कर जड़ दिया ताला

HighLights

  1. शहर के वार्ड क्रमांक 26 में सार्वजनिक पार्क का मामला
  2. आधे हिस्से पर पिछले दो वर्षों से ताला लगा दिया गया है
  3. राज्यमंत्री के सुरक्षा कर्मी व पायलट आराम फरमाते हैं

नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री पर नगरों के अतिक्रमण हटवाकर सौंदर्यीकरण का जिम्मा होता है, लेकिन ताज्जुब की बात है कि उन्होंने अपने घर के पास ही एक पार्क पर कब्जा कर रखा है।

दरअसल, नगर निगम ने शहर के वार्ड क्रमांक 26 में सार्वजनिक पार्क बनाया है। इसके आधे हिस्से पर पिछले दो वर्षों से नगरीय प्रशासन राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का ताला लगा है। आधे हिस्से को तार-बाड़ी से बंधान कराते हुए पार्क के प्रवेश करने वाले दरवाजे पर ताला लगवा दिया।

सुरक्षा कर्मी व पायलट आराम फरमाते हैं

एक कमरा भी बना हुआ है जिसमें राज्यमंत्री के सुरक्षा कर्मी व पायलट आराम फरमाते हैं। रहवासियों ने कई बार शिकायत की, लेकिन प्रशासन ने कुछ नहीं किया। अब वे इसलिए शिकायत नहीं करते कि कहीं उन पर ही गाज न गिर जाए।

पार्षद का अजीब तर्क

पार्षद महेंद्र पांडेय का कहना है कि वहां लोग बैठकर शराब पीते थे। इसलिए उतने आधे एरिया को बंद करवा दिया गया है। वहीं मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस नेता अखंड प्रताप सिंह का कहना है कि प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता तो कांग्रेस प्रदर्शन करेगी। इस संबंध में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी से कई बार बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया।

पद मिला तो पावर बढ़ा

रैगांव विधानसभा से विधायक बनने के बाद प्रतिमा बागरी को जैसे ही राज्यमंत्री का पद प्राप्त हुआ, वैसे ही नगर निगम द्वारा निर्मित पार्क के आधे हिस्से को तार-बाड़ी से बंधान कराते हुए प्रवेश करने वाले दरवाजे पर ताला लगवा दिया। अब यहां किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं रहती।

सारा दिन उनके सुरक्षा कर्मी व पायलट समेत कर्मचारी वहां आराम फरमाते नजर आते हैं। मंत्री जी का लाव-लश्कर देखकर लोग भी डर जाते हैं। कांग्रेस नेताओं ने इस अतिक्रमण का विरोध किया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वे भी शांत बैठ गए।

यह भी पढ़ें- मैहर जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! चंद्रग्रहण के कारण 3 मार्च को माँ शारदा के पट रहेंगे बंद, जानें कब खुलेंगे गर्भगृह के द्वार?

कभी होती थी श्रीगणेश व दुर्गा मां की पूजा

स्थानीय रहवासियों ने बताया कि पार्क के उस हिस्से में टीन शेड के नीचे ही मोहल्ले के बच्चे गणेश उत्सव और दुर्गा महोत्सव में प्रतिमाएं रखवाकर पूजा-अर्चना करते थे। आज वह टीन शेड शोपीस बना हुआ है और बच्चे गणेश प्रतिमाएं व दुर्गा प्रतिमाएं रखने के लिए गलियों में जगह ढूंढते हैं।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *