Last Updated:
इंदौर में फ्रिज के कंप्रेसर में धमाका होने की वजह से आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर महिला और तीन बच्चे फंस गए. बाद में ये लोग जान बचाने के लिए घर की छत पर चढ़ गए.
सांकेतिक तस्वीर AI
रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता/इंदौर
Indore News: इंदौर में खजराना में एक बड़ा हादसा उस समय होने से टल गया, जब फ्रिज के कंप्रेसर में जोरदार धमाका हुआ, जिससे मकान में आग लग गई. बाद में खजराना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई. इससे महिला और तीन मासूम बच्चों की जान बच गई. बाद में इन लोगों ने पुलिस की खूब तारीफ की है.
घर की छत पर भागे महिला और बच्चे
फ्रिज के कंप्रेसर में इतना भयानक धमाका हुआ कि आग चारों तरफ फैल गई. इसी वजह घर में मौजूद महिला और तीन बच्चे बाहर नहीं निकल पाए. इससे उनके आग की चपेट में आने की आशंका थी, लेकिन महिला और तीनों बच्चे जान बचाने के लिए घर की छत पर चले गए.
पुलिस ने किया कमाल
जब महिला छत पर पहुंची, तो उसकी और बच्चों की चीख पुकार सुनकर पड़ोसियों ने खजराना थाना प्रभारी को सूचना दे दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज सेंधव थाने के स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे. इसके बाद पड़ोसियों के साथ पुलिस ने तत्काल रेस्क्यू करके महिला और तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. पुलिस बल की टीम ने घर पर लगातार पानी का छिड़काव किया और बाल्टियों से पानी पहुंचाकर आग बुझाई.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस की तरफ से बताया गया कि आगजनी की घटना सामने आई थी, जिसमें पुलिस द्वारा परियादी की पत्नी और तीन बच्चों को रेस्क्यू करके बाहर निकाला गया है. कोई भी जनहानि नहीं हुई है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह घटना फ्रिज के कंप्रेसर में शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई है. धीरे-धीरे आग फैल गई और कपड़ों में लग गई. अगर आग पर जल्दी काबू नहीं पाया जाता, तो कोई भी बड़ी घटना हो सकती थी. आगे की जांच की जा रही है. खजराना पुलिस की उन लोगों ने काफी प्रशंसा की है.
.