इंस्टेंट नूडल्स से भी जल्दी बनता है पपीता भक्खा, मिथिला की खास डिश, हर घर का शाम का नाश्ता

Last Updated:

Papita Bhakka Recipe: मिथिलांचल में खायी जाने वाली खास डिशेस में से एक है पपीता भक्खा. यह यहां का पारंपरिक नाश्ता है, जो कच्चे पपीते, सरसों तेल, नमक, मिर्च और धनिया से मिनटों में बनता है. इसका स्वाद तीखा होता है, जो इस मौसम में खासतौर पर पसंद किया जाता है.

ख़बरें फटाफट

मधुबनी. मौसम का असर शरीर, मन और स्वास्थ्य पर पड़ता है. आजकल का सीजन जब सर्दी पूरी तरह गई नहीं है, गर्मी पूरी तरह आयी नहीं है, ऐसे में कई बार जी मिचलाता है और कुछ तीखा और चटपटा खाने का मन करता है. ऐसे में बिहार की पारंपरिक डिश, जो आमतौर पर इस समय खाई जाती है, भक्खा है. इसका स्वाद लाजवाब होता है और यह 10 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है. यह रही पपीते का भक्खा बनाने की पूरी विधि.

जानिए बनाने की विधि
बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र में लोग तरह-तरह का भक्खा बनाकर खाते हैं. जो उनके बाग-बगीचे में उगता है या हरी-भरी सब्जी होती है, उसे बिना पकाए मसाला मिलाकर खाते हैं. जैसे कच्चा आम, पपीता, कटहल, अमरूद आदि का भक्खा. यह कुछ ही मिनट में बनकर तैयार हो जाता है और स्वाद भी बहुत चटपटा, तीखा और नमकीन होता है.

इसी क्रम में आज हम आपको मिथिलांचल स्टाइल में कच्चे पपीते का भक्खा कैसे बनाते हैं, यह बता रहे हैं. पूरी रेसिपी बहुत आसान है, कुछ ही मिनट में तैयार हो जाएगी, जो सेहत के लिए भी अच्छा रहेगा और स्वाद भी बहुत अच्छा लगेगा.

मिथिलांचल स्टाइल में भक्खा
पपीता भक्खा बनाने के लिए आपको कच्चे पपीते का छिलका हटाकर साफ कर लेना है, फिर उसे कद्दूकस कर लेना है या आप चाकू की सहायता से बारीक काट भी सकते हैं. उसमें थोड़ा नमक, मिर्च पाउडर, हरी मिर्च और थोड़ी सी धनिया पत्ता डाल दीजिए. सबसे अहम चीज, जो स्वाद को बढ़ा देती है, उसमें आपको शुद्ध सरसों का तेल डालना है और यह बनकर तैयार हो जाएगा.

नो कुकिंग और स्वाद जोरदार
मिथिला क्षेत्र का पपीता भक्खा पारंपरिक शाम का नाश्ता है. जब भी चार लोग साथ बैठते हैं, तो वे दोपहर या शाम के समय इसे बनाकर खाते हैं और पुराने दिनों को याद करते हैं. हालांकि नए लोग कम ही देसी नाश्ते का स्वाद ले पाते हैं. अगर घर में बुजुर्ग हों तो वे जरूर बताते हैं कि आज भले ही पिज्जा, पास्ता या बर्गर का समय है, पर यह पारंपरिक डिश जरूर आजमाएं. खासकर जब पपीते की पैदावार ज्यादा होती है और आप चटपटा खाने के शौकीन हैं, तो उस समय इस विधि से बनाकर इसका स्वाद जरूर लें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *