Last Updated:
Why No Instant Cure for Cold Flu: सर्दी-जुकाम आमतौर पर वायरल संक्रमण होता है और इसकी कोई सटीक दवा नहीं होती. वायरल इंफेक्शन में एंटीबायोटिक दवाएं भी असर नहीं करती हैं. इस संक्रमण से लड़ने का काम शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली करती है, इसलिए इसे ठीक होने में 5 से 10 दिन लग सकते हैं. बैक्टीरियल इंफेक्शन के लिए एंटीबायोटिक दवाएं उपलब्ध हैं.
वायरल इंफेक्शन की कोई सटीक दवा उपलब्ध नहीं है.
Reason of Cold and Flu Slow Recovery: इस वक्त मौसम बदल रहा है और बड़ी संख्या में लोग सर्दी-जुकाम से जूझ रहे हैं. अक्सर लोग इस बात से परेशान रहते हैं कि दवाइयां लेने के बावजूद सर्दी-जुकाम करीब एक सप्ताह तक पीछा नहीं छोड़ता है. गले में खराश, बहती नाक और लगातार छींकों के बीच हम जल्द से जल्द राहत पाने के लिए मेडिकल स्टोर से पैरासिटामोल और एंटी एलर्जिक दवाएं खरीदकर ले आते हैं, लेकिन फिर भी शरीर में फुर्ती नहीं लौटती है. लोगों के मन में अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या मेडिकल साइंस में सर्दी-जुकाम की कोई सटीक दवा नहीं है? इस बारे में डॉक्टर से जान लेते हैं.
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने News18 को बताया कि सर्दी-जुकाम और फ्लू की मुख्य वजह वायरस होते हैं. सर्दी-जुकाम के लिए अब तक कोई सटीक दवा इसलिए नहीं बन पाई है, क्योंकि इसे फैलाने वाले वायरस के सैकड़ों अलग-अलग स्ट्रेन मौजूद हैं. ये वायरस बहुत तेजी से अपना स्वरूप बदलते रहते हैं. जब हम जुकाम की दवा लेते हैं, तो वह आमतौर पर सिम्पटोमैटिक होती है. यह केवल लक्षणों जैसे बुखार, दर्द या नाक बंद होने को कम करती है, लेकिन वायरस को जड़ से खत्म नहीं करती है. वायरस को खत्म करने का काम शरीर का इम्यून सिस्टम को होता है. धीरे-धीरे इम्यूनिटी वायरस को खत्म कर देती है. इसलिए फ्लू से रिकवर होने में करीब एक सप्ताह लगता है.
डॉक्टर ने बताया कि हमारा शरीर जब किसी वायरस के संपर्क में आता है, तो इम्यूनिटी उसे पहचानने और उससे लड़ने के लिए एंटीबॉडी बनाने में समय लेती है. आमतौर पर एक सामान्य सर्दी-जुकाम को पूरी तरह ठीक होने में 7 से 10 दिन का समय लगता है. दवाइयां इस प्रक्रिया को थोड़ा आसान बना सकती हैं, ताकि आपको बहुत ज्यादा परेशानी न हो, लेकिन वे शरीर के प्राकृतिक हीलिंग समय को कम नहीं कर सकती हैं. अगर आप दवा लेकर तुरंत ठीक होने की उम्मीद कर रहे हैं, तो यह पॉलिबल नहीं है. अगर किसी को बैक्टीरियल इंफेक्शन होता है, तब उसे एंटीबायोटिक दवाएं दी जाती हैं.
एक्सपर्ट की मानें तो कई बार दवा लेने के बावजूद जुकाम हफ्तों तक बना रहता है, जिसके पीछे हमारी लाइफस्टाइल जिम्मेदार होती है. अधिकतर लोग सर्दी-जुकाम होने पर पर्याप्त आराम नहीं करते हैं. जब हम बीमार होने पर भी काम का दबाव लेते हैं, तो शरीर की एनर्जी वायरस से लड़ने के बजाय अन्य कार्यों में खर्च होती है. इसके अलावा शरीर में पानी की कमी, पोषण की कमी और प्रदूषण के संपर्क में बने रहने से सूजन बनी रहती है, जिससे रिकवरी की गति धीमी हो जाती है.
अब सवाल है कि सर्दी-जुकाम से राहत पाने के लिए क्या करें? डॉक्टर रावत ने बताया कि सर्दी-जुकाम होने पर लोगों को सपोर्टिव केयर की सलाह दी जाती है. गुनगुना पानी पीना, भाप लेना और नमक के पानी से गरारे करना संक्रमण को बढ़ने से रोकते हैं. विटामिन C से भरपूर डाइट और अदरक-तुलसी का काढ़ा शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को वह मजबूती प्रदान करता है. इससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और वायरस को खत्म करने में मदद मिलती है. इसके अलावा पर्याप्त पानी पीने से भी रिकवरी तेज होती है. सर्दी-जुकाम और फ्लू में दवाएं केवल बुखार और दर्द को कंट्रोल करने के लिए लेनी चाहिए.
About the Author
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें