छिंदवाड़ा में पहाड़ मद की जमीन पर 10 मकान तोड़े: दस्तावेज नहीं दिखा पाए कब्जाधारी, जांच के बाद चलाया बुलडोजर – Chhindwara News


छिंदवाड़ा के मोहरली चौक से लहगड़आ के बीच स्थित खैरी भोपाल इलाके में पहाड़ मद की सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण का बड़ा मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 9 में दबंग भू-माफियाओं ने प्रशासन को चुनौती देते हुए खसरा नंबर 150 की बेशकीमती जमीन पर पक्के मकानों का निर्माण शुरू कर दिया था। गुरुवार सुबह राजस्व अमले ने पुलिस बल और नगर निगम टीम के साथ पहुंचकर अतिक्रमण हटा दिया। 8 महीने से जारी था निर्माण स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले आठ महीनों से रोड से सटी पहाड़ मद की जमीन पर बीम-कॉलम वाले पक्के मकानों का निर्माण चल रहा था। यहां पहले कुछ कच्चे मकान थे, लेकिन धीरे-धीरे करीब 10 पक्के मकान खड़े कर दिए गए। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार, पहाड़ मद की जमीन पर किसी प्रकार का पट्टा जारी नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद आलीशान निर्माण कार्य जारी रहा। बताया जा रहा है कि इन मकानों को लाखों रुपए में बेचने की तैयारी भी की जा रही थी। करोड़ों की जमीन पर कब्जे की तैयारी यह जमीन मुख्य सड़क से लगी होने के कारण बेहद कीमती मानी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि संगठित तरीके से पूरी कॉलोनी बसाने की तैयारी थी। आरोप है कि भू-माफिया रैकेट के जरिए अवैध निर्माण कर जमीन का सौदा किया जा रहा था। दस्तावेज नहीं मिले, फिर चला बुलडोजर गुरुवार सुबह राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई से पहले संबंधित निर्माण और अनुमति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई, लेकिन किसी प्रकार के वैध कागज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान हल्का विरोध भी हुआ, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अमले ने कार्रवाई पूरी की। नगर निगम के कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *